तीसरे और आखिरी वनडे में सम्मानजनक जीत हासिल करने बाद भारतीय टीम शुक्रवार को मनुका ओवल मैदान से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज करेगी। ऑस्ट्रेलिया ने वनडे सीरीज पर 2-1 से कब्जा किया। शुरुआती दो मैचों में जीत हासिल करने के बाद ऑस्ट्रेलिया को मनुका ओवल मैदान पर खेले गए तीसरे वनडे में हार मिली थी। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 13 रनों से हराया था और इस जीत से उसका आत्मविश्वास ऊपर होगा।

Advertisement

टीम की जीत में अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने वाले शार्दूल ठाकुर हालांकि इस मैच में नहीं खेलेंगे। टीम प्रबंधन ने साफ कर दिया है कि जो खिलाड़ी सिर्फ टी-20 सीरीज के लिए चुने गए हैं, वही इस सीरीज में खेलेंगे। इसका मतलब है कि ठाकुर के अलावा 57 रन देकर एक विकेट लेने वाले स्पिनर कुलदीप यादव और बतौर सलामी बल्लेबाज 39 गेंदों पर 33 रन बनाने वाले शुभमन गिल भी इस सीरीज में तब तक नहीं खेल पाएंगे, जब तक कोई खिलाड़ी चोटिल न हो।

Advertisement

ठाकुर, कुलदीप और गिल वनडे टीम में चुने गए थे।

ऑस्ट्रेलिया में हालांकि भारत का टी-20 रिकॉर्ड अच्छा है। भारत ने अभी तक ऑस्ट्रेलिया में नौ मैच खेले हैं, जिसमें से पांच बार भारत को जीत मिली है। ऑस्ट्रेलिया तीन बार जीती है, जबकि एक मैच का परिणाम नहीं निकल सका था।

एक अहम बात यह है कि भारत ने ऑस्ट्रेलिया में कभी भी टी-20 सीरीज नहीं गंवाई है।

भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पहले वनडे में मिली हार के बाद भारतीय खिलाड़ियों की टी-20 मोड से वनडे मोड में न आने को लेकर आलोचना की थी। ठाकुर ने भी बुधवार को माना कि दोनों प्रारूप काफी अलग हैं।

 
Advertisement

ऑस्ट्रेलिया और भारत दोनों खिलाड़ियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती यही है कि खिलाड़ी 48 घंटों के भीतर कैसे वनडे से अपने आप को टी-20 प्रारूप के ढालते हैं।

खिलाड़ियों ने हालांकि एक महीने पहले ही आईपीएल का लंबा सीजन खेला था, लेकिन तीन मैचों की वनडे सीरीज ने उन्हें 50 ओवरों के प्रारूप में ढाल दिया।

ठाकुर ने अलग-अलग प्रारूपों में रमने को लेकर आने वाली मुश्किलों के बारे में कहा था, "निश्चित तौर पर यह मुश्किल है। यह अलग प्रारूप है और 50 ओवरों में अलग तरह की क्रिकेट खेली जाती है। खेल काफी तेजी से शुरू होता है। 10 ओवर का पावरप्ले होता है। फिर यह मध्य में धीमा होता जाता है इसके बाद आप फिर 35-40 ओवरों में बल्लेबाजी तेजी से रन बनाते हुए देखते हैं। 40 ओवरों के बाद पाबंदियां खत्म हो जाती हैं और आपके पास घेरे के बाहर एक और फील्डर होता है। इसलिए मैच ऊपर-नीचे होता रहता है।"

Advertisement

भारत के पास हालांकि टी-20 के लिए अलग टीम है, लेकिन 16 में से 14 खिलाड़ी वही हैं जो वनडे टीम में थे। दीपक चहर और वॉशिंगटन सुंदर टी-20 टीम का हिस्सा हैं।

ऑस्ट्रेलिया की वनडे और टी-20 टीम एक ही हैं।

टीमें  (संभावित प्लेइंग XI)

Advertisement

भारत : विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, मयंक अग्रवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान, विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, दीपक चहर

ऑस्ट्रेलिया : एरॉन फिंच (कप्तान), एश्टन एगर, एलेक्स कैरी, कैमरून ग्रीन, जोश हेजलवुड, मोइसेस हेनरिक्स, मार्नस लाबुशैन, ग्लेन मैक्सवेल, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, एडम जाम्पा।
 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार