भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क स्टेडियम में पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया के दोनों सलामी बल्लेबाज केएल राहुल और मंयक अग्रवाल वे विराट कोहली के इस फैसले को सही साबित करते हुए पहले विकेट के लिए 117 रन जोड़े।
मंयक अग्रवाल ने लुंगी एनगिडी की गेंद पर आउट होने से पहले शानदार 60 रनों की पारी खेली थी। 41वें ओवर की तीसरी गेंद पर एनगिडी की यह गेंद ऑफ स्टंप पर गुड लेंथ, गिरकर अंदर की ओर आई। मंयक अग्रवाल ने डिफेंस का प्रयास किया लेकिन गेंद सीधा अगले पैर पर जाकर लगी।
एलबीडब्ल्यू की अपील हुई लेकिन ऑनफील्ड अंपायर ने नॉट आउट करार दिया। जिसके बाद साउथ अफ्रीकी कप्तान एल्गर ने रिव्यू लेने का फैसला किया। रिप्ले देखने पर पता चला कि गेंद लेग स्टंप पर जाकर लग रही थी, अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा और मयंक को निराशा मन के साथ पवेलियन लौटना पड़ा।
बता दें कि भारतीय टीम साउथ अफ्रीका में अब तक एक भी टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाई है। हालांकि, इस बार विराट की कप्तानी वाली टीम इंडिया कोशिश करेगी कि वह इतिहास रचे और टेस्ट सीरीज अपने नाम करे। खबर लिखे जाने तक टीम इंडिया ने 2 विकेट के नुकसान पर 134 रन बना लिए हैं।