India vs South Africa: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया की पहली पारी 327 रनों पर सिमट गई। साउथ अफ्रीका के लिए लुंगी एनगिडी सबसे कामयाब गेंदबाज रहे और उन्होंन छह विकेट झटके।
लुंगी एनगिडी गेंद से कहर बरपा रहे थे और लगभग हर ओवर में विकेट चटका रहे थे लेकिन, इस बीच टीम इंडिया के पुछल्ले बल्लेबाज मोहम्मद शमी ने शानदार चौका लगाकर कुछ हद तक लुंगी एनगिडी के खौफ पर ब्रेक लगाने की कोशिश की। 99 वें ओवर की चौथी गेंद पर शमी ने लुंगी एनगिडी की गेंद पर शानदार कवर ड्राइव लगाया।
हालांकि, मोहम्मद शमी ज्यादा देर तक अपनी पारी को कंटिन्यू नहीं कर सके और 8 रन बनाकर लुंगी एनगिडी का ही शिकार बने। एनगिडी ने 101वें ओवर की पांचवीं गेंद पर शमी का शिकार किया। एनगिडी की यह गेंद ऑफ स्टंप पर गुड लेंथ थी। शमी बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में आउट हो गए थे।
वहीं अगर टेस्ट मैच की बात करें तो पहले दिन शानदार खेल खेलने के बाद टीम इंडिया के बल्लेबाज तीसरे दिन पूरी तरह से बेबस नजर आए। टीम इंडिया ने 93 गेंद में ही अपने 7 विकेट गंवा दिए। मालूम हो कि दूसरे दिन का खेल बारिश के कारण धुल गया था। एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी थी।