एंटिगा, 19 जुलाई | युवा कप्तान विराट कोहली की आगुआई और टीम के नवनियुक्त मुख्य कोच अनिल कुंबले के मार्गदर्शन में भारतीय क्रिकेट टीम अनुभवहीन वेस्टइंडीज से भिड़ने को तैयार है। कोहली के सामने अपनी विदेश में खेलने के अनुभव से मरहूम नई नवेली टीम से मैच जिताऊ संयोजन तैयार करने की सबसे बड़ी चुनौती होगी। वेस्टइंडीज में विराट एंड कंपनी को मिला यह खास तोहफा

भारत इस समय वेस्टइंडीज दौरे पर है जहां उसे चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलनी है जिसका पहला मैच गुरुवार को सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जाना है। हालांकि दोनों टीमें युवा हैं, लेकिन अनुभव के मामले में भारतीय टीम का पलड़ा मेजबानों पर भारी है। वेस्टइंडीज के कुछ ही खिलाड़ियों को इससे पहले भारत के खिलाफ टेस्ट मैच खेलने का अनुभव है। भारतीय टीम की भी लगभग यही कहानी है। इस्लाम के लिए क्रिकेट छोड़ सकता है यह दिग्गज

कप्तान विराट, मुरली विजय, अमित मिश्रा, ईशांत शर्मा ने ही इससे पहले वेस्टइंडीज का दौरा किया है। हालांकि अजिंक्य रहाणे भारत-ए टीम के साथ पहले भी वेस्टइंडीज में खेल चुके हैं, लेकिन भारत की सीनियर टीम के साथ उनका यह पहला वेस्टइंडीज दौरा है।

इससे पहले भारत ने 2011 में वेस्टइंडीज का दौरा किया था तब टीम ने महेंद्र सिंह धौनी की कप्तानी में तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 1-0 से जीत हासिल की थी। तब से लेकर अब तक काफी कुछ बदल चुका है। दोनों टीमों के नेतृत्व में बदलाव के साथ-साथ टीम के प्रदर्शन में भी बदलाव देखा गया है।

आस्ट्रेलिया दौरे पर धौनी के संन्यास लेने के बाद टीम की कमान संभलाने वाले विराट के लिए यह दौरा चुनौती भरा है। उनके ऊपर श्रींलका दौरे की सफलता को दोहराने की जिम्मेदारी है, जहां भारत ने वर्षो बाद जीत हासिल करते हुए श्रीलंका को 2-1 से मात दी थी।

इसके बाद कोहली की ही कप्तानी में ही भारत ने अपने घर में ही दक्षिण अफ्रीका को चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 3-0 से मात दी थी। कोहली से उम्मीद होगी की वह टीम की जीत के सिलसिले को कायम रखें।

हालांकि उनके लिए यह किसी चुनौती से कम नहीं होगा, क्योंकि घर में वेस्टइंडीज को हराना बेहद मुश्किल नहीं तो आसान भी नहीं होगा।

कुंबले और कोहली के लिए सबसे बड़ी समस्या रोहित शर्मा और चेतेश्वर पुजारा में से किसी एक को चुनने की होगी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रोहित को मौका दिया गया था, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए थे। वहीं पुजारा ने पिछले मैचों में अपनी परिपक्व बल्लेबाजी से हर किसी के दिमाग पर अपनी छाप छोड़ी है और वेस्टइंडीज के हालात में वह टीम के लिए असरदार भी साबित हो सकते हैं।

इसके अलावा टीम प्रबंधन सलामी जोड़ी को लेकर भी चिंता में होगा। विजय का एक छोर संभालना तय है, लेकिन उनके जोड़ीदार के रूप में किसे भेजा जाए इस पर टीम प्रबंधन को माथापच्ची करनी होगी।

शिखर धवन ने पिछली कुछ श्रृंखलाओं में निराश किया है। उनका बल्ला खामोश है जिसके कारण टीम को वह शुरुआत नहीं मिल पाई थी जिसकी उसे दरकार थी। लोकेश राहुल उनका अच्छा विकल्प साबित हो सकते हैं। टेस्ट क्रिकेट में राहुल को ज्यादा मौके तो नहीं मिले हैं, लेकिन उन्होंने सीमित मौकों पर अपने आप को साबित किया है।

टीम की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी मुख्यत: कप्तान कोहली और उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे पर होगी।

हमेशा पांच गेंदबाजों के साथ खेलने के पक्षधर कोहली पहले टेस्ट में भी इस रणनीति के साथ उतर सकते हैं। कोहली के सामने रविचंद्रन अश्विन, लेग स्पिनर अमित मिश्रा वेस्टइंडीज की धीमी पिचों को देखते हुए रवींद्र जडेजा को भी टीम में जगह मिल सकती है।

तेज गेंदबाजी का भार टीम के सबसे वरिष्ठ गेंदबाज ईशांत शर्मा पर होगा। उनके साथ मोहम्मद समी और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शानदार प्रदर्शन करने वाले भुवनेश्वर कुमार पर भी गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी होगी।

वहीं, दूसरी तरफ मेजबान टीम में सिर्फ मार्लन सैमुअल्स, क्रेग ब्रैथवेट, डारेन ब्रावो, शेनन गाब्रिएल और लेग स्पिनर देवेंद्र बिशू को ही भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट खेलने का अनुभव है।

मेजबान कप्तान जेसन होल्डर के लिए भी यह श्रृंखला काफी मुश्किल होगी। टीम की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी सैमुअल्स और ब्रैथवेट पर होगी। यह दोनों टीम के लिए पिछले कुछ मैचों से लगातार रन बनाते आ रहे हैं। ब्रैथवेट ने इसी साल आस्ट्रेलिया के दौरे पर भी टीम के लिए बल्ले से अच्छा योगदान दिया था।

मेजबान टीम के लिए गेंदबाजी का जिम्मा गाब्रिएल और कार्लोस ब्रैथवेट के ऊपर होगा। इसमें कप्तान होल्डर भी उनका साथ देंगे, लेकिन गेंदबाजी में अहम रोल लेग स्पिनर बिशू का हो सकता है। अपने लेग स्पिन से वह भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं।

संभावित टीमें :

Advertisement

भारत : विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), मुरली विजय, शिखर धवन, लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा, रोहित शर्मा, रिद्धिमान साहा, आर. अश्विन, अमित मिश्रा, रवींद्र जडेजा, ईशांत शर्मा, मोहम्मद समी, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव, शार्दुल ठाकुर, स्टुअर्ट बिन्नी।

वेस्टइंडीज- जेसन होल्डर (कप्तान), क्रेग ब्रैथवेट (उपकप्तान), देवेंद्र बिशू, जरमैन ब्लैकवुड, कार्लोस ब्रैथवेट, डारेन ब्रावो, राजेंद्र चंद्रिका, रॉस्टन चेस, शेन डॉरिक , शेनन गाब्रिएल, लियोन जॉनसन और मार्लन सैमुअल्स।

Advertisement

एजेंसी

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार