टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 चरण में पहले मुकाबले मिली में बड़ी हार का दबाव झेल रही भारतीय टीम को अब बड़ा झटका लगा है। रिपोर्ट के मुताबिक जिम्बाब्वे के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह पारिवारिक आपात स्थिति के कारण घर लौट गए हैं। 

Advertisement

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। सुपर 8 चरण के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन की हार के बाद टीम का नेट रन रेट गिरकर -3.800 हो चुका है और वह ग्रुप 1 में तीसरे स्थान पर है। अब सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करना बेहद जरूरी हो गया है।

इसी बीच टीम को एक और झटका लगा है। मध्यक्रम के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह पारिवारिक आपात स्थिति के कारण अचानक घर लौट गए हैं। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, रिंकू मंगलवार (24 फरवरी) को चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में आयोजित टीम के अभ्यास सत्र में भी शामिल नहीं हुए।
 
इस रिपोर्ट के मुताबिक, रिंकू सिंह के पिता खंचंद सिंह की तबीयत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी कारण रिंकू को तत्काल घर लौटना पड़ा। हालांकि उनकी वापसी को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

रिंकू सिंह ने टूर्नामेंट में अब तक सभी पांच मुकाबले खेले हैं। वह टीम के फिनिशर की भूमिका निभा रहे थे। पाकिस्तान के खिलाफ 4 गेंदों में 11 रन और नीदरलैंड के खिलाफ 3 गेंदों में 6 रन की छोटी लेकिन उपयोगी पारियां उन्होंने खेली थीं। हालांकि बड़े दबाव वाले मुकाबलों में वह लंबी पारी खेलने में सफल नहीं रहे।

भारतीय टीम पहले से ही धीमी पिचों पर संघर्ष कर रही है और बल्लेबाजी क्रम में अस्थिरता साफ नजर आई है। इससे पहले अभिषेक शर्मा भी पेट की समस्या के कारण एक मुकाबला नहीं खेल पाए थे। अब रिंकू की अनुपस्थिति ने टीम प्रबंधन की चिंताएं और बढ़ा दी हैं।

Also Read: LIVE Cricket Score

26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाला मुकाबला भारत के लिए करो या मरो जैसा है। यदि रिंकू समय पर नहीं लौटते हैं, तो टीम संयोजन में बदलाव करना पड़ सकता है। ऐसे में भारतीय टीम के लिए मैदान के बाहर की यह स्थिति भी बड़ी चुनौती बन गई है। 

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार