टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के आखिरी सुपर-8 मुकाबले में भारत का सामना वेस्टइंडीज से होना है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाने वाला ये मुकाबला दोनों टीमों के लिए एक तरह से क्वार्टर-फाइनल होगा क्योंकि जो भी टीम ये मैच जीतेगी वो सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लेगी। भारतीय टीम ये मैच घरेलू दर्शकों के सामने खेलेगी और जाहिर है कि उन्हें फैंस का पूरा समर्थन मिलेगा।
हालांकि, फैंस के समर्थन के अलावा भारत के लिए अच्छी खबर ये भी है कि ईडन गार्डन्स में टीम इंडिया का रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है। इस मैदान को अगर भारतीय टीम का टी-20I का किला कहा जाए तो गलत नहीं होगा। यहां खेले गए आठ टी-20I में से, मेन इन ब्लू ने सात जीते हैं और सिर्फ एक में उन्हें हार मिली है। उनकी एकमात्र हार 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ हुई थी लेकिन उसके बाद से भारत एक भी मैच नहीं हारा है।
अगर वेस्टइंडीज के खिलाफ इस मैदान पर भारत के रिकॉर्ड की बात करें तो वो भी काफी शानदार रहा है। दोनों टीमें ईडन गार्डन्स में टी-20I में चार बार भिड़ चुकी हैं और चारों बार भारत को जीत मिली है। अगर दोनों टीमों के बीच टी-20I में ओवरऑल रिकॉर्ड देखें तो, उसमें भी भारतीय टीम काफी आगे है। दोनों टीमों के बीच खेले गए 30 मैचों में से भारत ने 19 में जीत हासिल की है।
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि, वेस्टइंडीज की भी इस मैदान से काफी सुनहरी यादें जुड़ी हुई हैं। कोलकाता के इसी मैदीन पर 2016 में, उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप जीता था।मैच के आखिरी ओवर में कार्लोस ब्रैथवेट ने बेन स्टोक्स के खिलाफ चार छक्के लगाकर अपनी टीम को वर्ल्ड चैंपियन बनाया था। हालांकि, वो भारत के खिलाफ इस मैदान पर अपने रिकॉर्ड को सुधारने की पूरी कोशिश करेंगे।