रोहित शर्मा (Rohit Sharma) बांग्लादेश के खिलाफ 22 दिसंबर से मीरपुर में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। चोट के कारण रोहित चटगांव में हुए पहले टेस्ट मैच में नहीं खेल पाए थे और अब वह दूसरे टेस्ट के लिए ढाका नहीं जाएंगे। उनकी गैरमौजूदगी में उप-कप्तान केएल राहुल ही दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। बता दें कि भारत की टीम सीरीज में 1-0 से आगे है।
बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे मैच के दौरान रोहित के अंगूठे में चोट लग गई थी। जिसके बाद इलाज के लिए उन्हें 7 दिसंबर को वापस भारत लौटना पड़ा था।
क्रिकबज की खबर के अनुसार रोहित के अंगूठे की चोट अभी पूरी तरह से ठीक नहीं हुई है औऱ आगे आने वाली भारतीय टीम की महत्वपूर्ण सीरीज के चलते टीम मैनेजमेंट उन्हें लेकर को खतरा नहीं उठाना चाहता।
रोहित फिलहाल मुंबई में हैं। वह टेस्ट में बल्लेबाजी तो कर सकते हैं,लेकिन फील्डिंग के दौरान उनके दोबारा चोटिल होने का खतरा है। मेडिकल टीम और टीम मैनेजमेंट को लगता है अगर फील्डिंग के दौरान उन्हें अंगूठे पर दोबारा गेंद लगती है तो रोहित की चोट ज्यादा बढ़ सकती है।
बता दें कि जनवरी में श्रालंका और न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आएगी। दोनों टीमों के भारत के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी-20 मैच की सीरीज खेलनी है। श्रीलंका के खिलाफ पहला मैच 3 जनवरी को और न्यूजीलैंड के खिलाफ 18 जनवरी से मुकाबले शुरू होंगे।
रोहित के बाहर होने से अब टीम के सिलेक्शन का सिरदर्द कम होगा। अगर रोहित प्लेइंग इलेवन में आते तो टीम मैनेजमेंट के सामने परेशानी होती कि बाहर किसे बैठाया जाए। पहले टेस्ट में शुभमन गिल ने शानदार शतक जड़ा थ, लेकिन कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल दोनों पारियों में फ्लॉप रहे थे।