IPL 2024: रोमांच की हद हुई पार, आखिरी गेंद पर SRH ने राजस्थान से छीनी जीत

Updated: Thu, May 02 2024 23:42 IST
IPL 2024: रोमांच की हद हुई पार, आखिरी गेंद पर SRH ने राजस्थान से छीनी जीत (Image Source: Google)

आईपीएल 2024 (IPL 2024) के 50वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने नितीश रेड्डी-ट्रैविस हेड, हेनरिक क्लासेन और भुवनेश्वर कुमार के शानदार प्रदर्शन की मदद से राजस्थान रॉयल्स को एक रन से हरा दिया। राजस्थान की तरफ से यशस्वी जायसवाल और रियान पराग ने अर्धशतकीय पारियां खेली लेकिन वो बेकार चली गयी। 

हैदराबाद की तरफ से आखिरी ओवर करने आये भुवनेश्वर कुमार ने 11 रन दिए। आखिरी गेंद पर राजस्थान को 2 रन चाहिए थे लेकिन भुवी ने पॉवेल को एलबीडबल्यू आउट कर दिया। राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम, हैदराबाद में खेले गए इस मैच में SRH के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। इस मैच में राजस्थान ने इम्पैक्ट खिलाड़ी के रूप में युजवेंद्र चहल की जगह जोस बटलर और हैदराबाद ने अनमोलप्रीत सिंह की जगह जयदेव उनादकट को खिलाया। 

पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने स्कोरबोर्ड पर 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 201 रन टांगे। टीम की तरफ से सबसे ज्यादा 76(42)* रन नितीश रेड्डी ने बनाये। अपनी इस पारी में उन्होंने 3 चौके और 8 छक्के लागए। ट्रैविस हेड ने 58(44) रन की अर्धशतकीय पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के लगाए। 

रेड्डी और हेड ने तीसरे विकेट के लिए 96 (57) रन जोड़े। हेनरिक क्लासेन ने 42(19) रन की पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 3 चौके और 3 छक्के लगाए। रेड्डी और क्लासेन ने 70(32)* रन की साझेदारी की। आवेश खान ने राजस्थान की तरफ से सबसे ज्यादा 2 विकेट चटकाए। संदीप शर्मा ने एक विकेट अपने खाते में जोड़े। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान ने मैच को 20 ओवर में 7 विकेट खोकर और 200 रन बना पायी। टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन रियान पराग ने बनाये। उन्होंने 49 गेंद में 8 चौको और 4 छक्कों की मदद से 77 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने ये अर्धशतक 31 गेंद में बनाया था। यशस्वी जायसवाल ने 40 गेंद में 7 चौको और 2 छक्कों की मदद से 67 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। 

Also Read: Live Score

उन्होंने 30 गेंद में अर्धशतक जड़ा। पराग और जायसवाल ने तीसरे विकेट के लिए 134 (78) रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। रोवमैन पॉवेल ने 15 गेंद में 3 चौके और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाये। हैदराबाद की तरफ से सबसे ज्यादा 3 विकेट भुवनेश्वर कुमार ने चटकाए। 2-2 विकेट पैट कमिंस और टी नटराजन ने हासिल किये। 

TAGS

संबंधित क्रिकेट समाचार

सबसे ज्यादा पढ़ी गई खबरें