Devajit Saikia: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अगले साल से आईपीएल के समय को लगभग दो हफ़्ते पहले करने पर विचार कर रहा है। इसके तहत टूर्नामेंट को मार्च के आखिर से मई के आखिर तक करने की 10 मार्च से 15 मई के बीच आयोजित करने का प्लान है। बीसीसीआई के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने कहा कि इस कदम का मकसद टूर्नामेंट के आखिरी दौर में खेलने और मैच देखने की स्थितियों को बेहतर बनाना है।
सैकिया ने पीटीआई से बातचीत में कहा, “ इस साल आईपीएल 28 मार्च को शुरू हुआ औऱ 31 मई को खत्म हुआ। टूर्नामेंट के आखिरी दिनों में यानी 15 मई के बाद, बारिश होने या प्री-मानसून सीज़न शुरू होने की आशंका होती है। दूसरी ओर, गर्मी का मौसम है जो न तो खिलाड़ियों के लिए और न ही दर्शकों के लिए अनुकूल है।”
उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने जनरल मैनेजर (गेम डेवलपमेंट) एब्बी कुरुविला से बदले हुए समय के लिए शेड्यूल के विकल्पों पर काम करने को कहा है। बीसीसीआई को उम्मीद है कि इसे 2027 सीज़न से लागू किया जा सकेगा, जो टूर्नामेंट का 20वां एडिशन होगा।
सैकिया ने कहा कि बीसीसीआई को खिलाड़ियों और फैंस, दोनों से ही मुश्किल हालात की शिकायत मिली थी, खासकर उत्तर और पश्चिम भारत में।
इसके अलावा सैकिया ने यह भी साफ कर दिया की बीसीसीआई आईपीएल में मुकाबलों की संख्या 74 मैच से बढ़ाकर 94 मैच करने पर विचार नहीं कर रहा है।
सैकिया ने कहा, “ फिलहाल ऐसा करना मुमकिन नहीं है क्योंकि हमें अलग-अलग देशों से आने वाले खिलाड़ियों का भी ध्यान रखना होगा। बड़ी मुश्किल से हमें यह दो महीने का समय मिल पा रहा है।”
सैकिया के अनुसार टूर्नामेंट को आगे बढ़ाने से द्विपक्षीय प्रतिबद्धताओं में बाधा आएगी और ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूज़ीलैंड, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज़ के विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता पर असर पड़ेगा।
आईपीएल जल्दी शुरू करने के लिए, बीसीसीआई घरेलू सीज़न को 10 मार्च तक खत्म करना चाहता है।
Also Read: LIVE Cricket Score
सैकिया ने कहा, "हमें कुछ मैच जल्दी कराने होंगे ताकि हम 10 मार्च तक अपना घरेलू क्रिकेट खत्म कर सकें और तुरंत आईपीएल शुरू कर सकें।"