India vs Ireland T20I Series: भारत के खिलाफ खेली जाने वाली दो मैचों की टी20 सीरीज के लिए आयरलैंड ने अपनी 14 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज लॉर्कन टकर को टीम की कमान सौंपी गई है। चोटों के कारण आयरलैंड की टीम कई बड़े खिलाड़ियों के बिना मैदान पर उतरेगी, जबकि तीन अनकैप्ड खिलाड़ियों को पहली बार टीम में शामिल किया गया है।
भारत के खिलाफ 26 जून से खेली जाने वाली दो मैचों की टी20 सीरीज के लिए क्रिकेट आयरलैंड ने सोमवार (22 जून) को अपनी 14 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया। इस सीरीज के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज लॉर्कन टकर को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। वह टी20 फॉर्मेट में पॉल स्टर्लिंग की जगह टीम की अगुआई करते नजर आएंगे।
आयरलैंड की टीम इस सीरीज में कई प्रमुख खिलाड़ियों के बिना मैदान पर उतरेगी। जोश लिटिल स्ट्रेस फ्रैक्चर से जूझ रहे हैं, जबकि पॉल स्टर्लिंग पिंडली की चोट के कारण बाहर हैं। वहीं कर्टिस कैंफर के हाथ में फ्रैक्चर है और मार्क अडेयर मांसपेशियों की चोट से उबर रहे हैं। इन खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी ने आयरलैंड टीम को नए चेहरों को मौका देने का रास्ता खोल दिया है।
आयरलैंड ने इस सीरीज के लिए तीन अनकैप्ड खिलाड़ियों जय मूंद्रा, मैथ्यू हॉलार्ड और रूबेन विल्सन को भी टीम में शामिल किया है। इन युवा खिलाड़ियों के पास भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खुद को साबित करने का सुनहरा मौका होगा।
लॉर्कन टकर की बात करें तो वह 2016 में आयरलैंड के लिए डेब्यू करने के बाद दो बार अंतरिम कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा घरेलू क्रिकेट में भी वह लीनस्टर लाइटनिंग टीम की कप्तानी कर चुके हैं, ऐसे में टीम प्रबंधन को उनसे काफी उम्मीदें होंगी।
भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज बेलफास्ट में खेली जाएगी। पहला मुकाबला 26 जून को जबकि दूसरा और अंतिम मैच 28 जून को आयोजित होगा।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए आयरलैंड की टीम:
लॉर्कन टकर (कप्तान), रॉस अडेयर, बेन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, स्टीफन डोहनी, मैथ्यू हम्फ्रीज, गेविन होई, मैथ्यू हॉलार्ड, लियाम मैकार्थी, जय मूंद्रा, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर और रूबेन विल्सन।