आईपीएल 2026 शुरू होने से ठीक पहले मुंबई इंडियंस के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। 28 मार्च से खेले जाने वाले इस नए सीजन की शुरुआत में अब एक हफ्ते से भी कम समय बचा है और CoE में बुमराह मौजूदगी की खबर सुनकर फैंस टेशन में आ गए हैं।
आईपीएल 2026 के आगाज से पहले मुंबई इंडियंस के लिए एक चिंता भरी खबर सामने आई है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को हाल ही में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में देखा गया, जिसके बाद उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आमतौर पर खिलाड़ी वहां चोट से उबरने या फिटनेस सुधारने के लिए जाते हैं, ऐसे में बुमराह की मौजूदगी ने फैंस को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
द टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक बुमराह अभी तक मुंबई इंडियंस के कैंप से नहीं जुड़े हैं और कर्नाटक स्थित CoE में मौजूद हैं। हालांकि यह अभी साफ नहीं हो पाया है कि वह किसी चोट से जूझ रहे हैं या सिर्फ फिटनेस मैनेजमेंट के लिए वहां गए हैं।
वहीं एक दूसरी वजह यह भी बताई जा रही है कि जो खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल खेले थे, उन्हें फ्रेंचाइजी कैंप से थोड़ा लेट जुड़ने की अनुमति दी गई है। बुमराह ने इस फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके थे और पूरे टूर्नामेंट में भी लय में नजर आए थे।
पिछले कई सालों से बुमराह मुंबई इंडियंस के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज रहे हैं। IPL 2025 में उन्होंने 12 मैचों में 17.56 की औसत से 18 विकेट चटकाए थे और उनका इकॉनमी रेट सिर्फ 6.67 रहा था। मुंबई इंडियंस अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ करेगी। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि बुमराह कब टीम से जुड़ते हैं और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में जाने के पीछे असली वजह क्या है।
Also Read: LIVE Cricket Score
आईपीएल 2026 के लिए मुंबई इंडियंस की टीम:
हार्दिक पांड्या, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, मिचेल सैंटनर, ट्रेंट बोल्ट, विल जैक्स, क्विंटन डी कॉक, रयान रिकेल्टन, शार्दुल ठाकुर, एएम गजनफर, अश्विनी कुमार, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, मयंक मार्कंडे, नमन धीर, रघु शर्मा, राज अंगद बावा, रॉबिन मिंज, शेरफेन रदरफोर्ड, डैनिश मालेवार, अथर्व अंकोलेकर, मयंक रावत और मोहम्मद इज़हार।