आईपीएल 2026 में अपनी बैटिंग से धमाका करने वाले टीनएज सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी हर मैच के साथ अपने फैंस की गिनती बढ़ाते जा रहे हैं। आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में उनकी 97 रनों की पारी ने तो हर किसी को उनका दीवाना बना दिया लेकिन एक सच ये भी है कि वैभव के जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल के बल्ले से रन नहीं आ रहे हैं और वो वैभव की परछाई के तले दबते हुए नजर आ रहे हैं।
यही कारण है कि अंबाती रायडू ने यशस्वी जायसवाल को सलाह दी है कि वो वैभव सूर्यवंशी की परछाई से बाहर निकलने के लिए राजस्थान रॉयल्स छोड़ दें। जायसवाल 2020 से RR के साथ हैं और अब तक 82 मैच खेलकर 2592 रन बना चुके हैं। हालांकि, इस सीज़न में जायसवाल शानदार प्रदर्शन करने वाले सूर्यवंशी के आगे फीके पड़ते दिखे हैं। सूर्यवंशी ने 680 रन बनाए हैं और इस समय ऑरेंज कैप होल्डर हैं। वहीं, जायसवाल ने 15 मैचों में 426 रन बनाए हैं लेकिन टॉप ऑर्डर में उनके प्रदर्शन में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है।
SRH के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में मिली जीत के दौरान भी, जायसवाल ने 29 गेंदों पर 29 रन बनाए थे। वहीं दूसरी ओर, सूर्यवंशी ने उतनी ही गेंदों पर 97 रन बनाए। ऐसे में रायडू ने कहा कि जायसवाल हर बार सूर्यवंशी की परछाई में नहीं रह सकते और वो किसी दूसरी टीम में एक मैच-विनर साबित हो सकते हैं। रायडू ने कहा कि सूर्यवंशी दूसरे खिलाड़ियों पर हावी होते रहेंगे, इसलिए उन्हें एक ऐसे सीनियर पार्टनर की ज़रूरत होगी जो उनके साथ मुकाबला न करे।
रायडू ने ईएसपीएनक्रिकइन्फो से बात करते हुए कहा, "उन्हें अपनी टीम बदल लेनी चाहिए। क्योंकि वो हर बार इस खिलाड़ी के साथ बैटिंग करते हुए उसकी परछाई में नहीं रह सकते। वो अपने आप में एक स्टार हैं। अगर वो किसी दूसरी टीम में जाते हैं, तो वो अकेले दम पर मैच जिताएंगे। उन्हें उस जगह और उस प्लेटफॉर्म की ज़रूरत है। क्योंकि ये खिलाड़ी दूसरों पर हावी होता रहेगा, इसलिए उनके साथ एक ऐसा सीनियर पार्टनर होना चाहिए जो इस बात को संभाल सके और उनके लिए खुश हो सके। जो कुछ भी हो रहा है, उसके लिए खुश हो, न कि नॉन-स्ट्राइकर के साथ मुकाबला करे।"
Also Read: LIVE Cricket Score
बता दें कि अगर जायसवाल ऑक्शन पूल में जाते हैं, तो कई टीमें उन्हें खरीदने के लिए कतार में खड़ी होंगी। हालांकि, रायडू को लगता है कि मुंबई इंडियंस इस भारतीय ओपनर के लिए एक बेहतरीन विकल्प होगी। उन्होंने कहा, "मुंबई इंडियंस जायसवाल के लिए एक अच्छी टीम हो सकती है क्योंकि रोहित शर्मा भी अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर हैं ऐसे में मुंबई को एक ओपनर की तलाश होगी और वो जायसवाल हो सकते हैं।"