T20 World Cup 2026, India vs Pakistan Highlights: भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के महामुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने ईशान किशन की ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी के चलते 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में पाकिस्तान शुरुआत से ही बिखर गई और भारतीय गेंदबाजों ने कहर बरपाते हुए टीम को 114 रन पर ही समेट दिया।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 27वां मुकाबला रविवार (15 फरवरी) को भारत और पाकिस्तान के बीच आर प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में खेला गया। इस मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआती झटका अभिषेक शर्मा (0) के रूप में पहले ही ओवर में ही लग गया। यहां से पारी संभालते हुए ईशान किशन ने तिलक वर्मा के साथ 46 गेंदों में 87 रन की साझेदारी की। ईशान किशन ने 40 गेंदों में 77 रन ठोके, जिसमें 10 चौके और 3 छ्क्के शामिल रहे, वहीं तिलक वर्मा ने 24 गेंदों में 25 रन बनाए।
इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक छोर संभालते हुए 29 गेंदों में 32 रन की पारी खेली। इसके अलावा अंत के ओवरों में बल्लेबाजी करते हुए शिवम दुबे ने 17 गेंदों में 27 रन की पारी खेली, जिसके चलते टीम ने 175 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया।
पाकिस्तान के लिए इस पारी में सैम अयूब ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके अलावा कप्तान सलमान अली आगा, शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक ने भी 1-1 सफलता हासिल की।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान शुरुआत से ही बिखर गई। टॉप ऑडर बल्लेबाज साहिबजादा फरहान (0), कप्तान सलमान अली आगा (6) और सैम अयूब (6) दो ओवर के अंदर ही चलते बने। इसके बाबर आज़म ने भी 5 रन पर विकेट गवाया।
हालांकि उस्मान खान ने कुछ देर संघर्ष करते हुए 34 गेंदों में 44 रन की पारी खेली, लेकिन इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज नहीं चल सका और टीम के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सके। नतीजन पाकिस्तान की पारी 114 रन पर ही सिमट गई।
भारत के लिए इस पारी में जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट चटकाए। इसके अलावा तिलक वर्मा और कुलदीप यादव ने भी 1-1 सफलता हासिल की।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह भारत ने 18 ओवर में 61 रन से ये मुकाबला अपने नाम किया और लगातार तीसरी जीत हासिल कर सुपर-8 में एंट्री मारी।