Ishan Kishan Record: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबले के दौरान ईशान किशन ने विस्फोटक बल्लेबाज़ी से इतिहास रच दिया। पावरप्ले में ताबड़तोड़ रन ठोकते हुए उन्होंने शुभमन गिल का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसके साथ ही उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में चुनिंदा भारतीय बल्लेबाज़ों की एलीट सूची में एंट्री कर ली।

Advertisement

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 27वां मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार (15 फरवरी)  को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पाकिस्तान के कप्तान ने पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। भारत को पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा (0) के रूप में झटका लग गया, लेकिन इसके बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभालते हुए तूफानी अंदाज़ में रन बरसाने शुरू कर दिए।

Advertisement

ईशान किशन ने पहले छह ओवरों में 42 रन ठोककर भारत बनाम पाकिस्तान के बीच खेले गए टी20 मुकाबलों में पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का नया रिकॉर्ड बना दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड शुभमन गिल के नाम था, जिन्होंने एशिया कप 2025 में 35 रन बनाए थे। 

इसके बाद ईशान किशन ने महज़ 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो भारत बनाम पाकिस्तान टी20 मुकाबलों में तीसरी सबसे तेज फिफ्टी बन गई। उनसे तेज अर्धशतक सिर्फ मोहम्मद हफीज (23 गेंदे) और अभिषेक शर्मा (24 गेंद) ने लगाया है। किशन ने अपनी पारी में 40 गेंदों पर 77 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और तीन शानदार छक्के शामिल रहे।

इतना ही नहीं, इस धमाकेदार पारी के साथ ईशान किशन टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज़ भी बन गए। इस खास लिस्ट में उनसे पहले सिर्फ विराट कोहली (4 अर्धशतक), गौतम गंभीर (1 अर्धशतक) और रॉबिन उथप्पा (1 अर्धशतक) ही शामिल थे।

इसके अलावा ईशान किशन ने पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज़ गौतम गंभीर का रिकॉर्ड तोड़ते हुए टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ एक पारी में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले ओपनर भी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड गंभीर के नाम था, जिन्होंने साल 2007 में 54 गेंदों पर 75 रन की पारी खेली थी।

Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

वहीं ईशान किशन की यह 77 रन की पारी टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ किसी भारतीय बल्लेबाज़ की दूसरी सबसे बड़ी पारी है। इस मामले में पहला स्थान विराट कोहली के नाम है, जिन्होंने 2022 में 82 रन की यादगार पारी खेली थी।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार