टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबले के दौरान ईशान किशन ने फील्डिंग में शानदार पल दिखाया। उन्होंने डीप स्क्वायर लेग पर दौड़ते हुए डाइव लगाकर रचिन रविंद्र का बेहतरीन कैच लपक लिया। यह कैच मैच के शुरुआती ओवरों में आया और न्यूजीलैंड को बड़ा झटका लगा। बल्लेबाजी में भी योगदान देने वाले ईशान ने फील्डिंग से भी फैंस का दिल जीत लिया।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने फील्डिंग में ऐसा शानदार पल दिया जिसे देखकर फैंस झूम उठे। न्यूजीलैंड के खतरनाक बल्लेबाज रचिन रविंद्र की पारी का अंत उन्होंने एक बेहतरीन डाइविंग कैच के जरिए कर दिया।
दरअसल, न्यूजीलैंड की पारी के चौथे ओवर में जसप्रीत बुमराह गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की एक धीमी और फुल लेंथ गेंद पर रचिन रविंद्र ने लेग साइड की तरफ फ्लिक खेलने की कोशिश की। हालांकि गेंद बल्ले के निचले हिस्से से लगकर हवा में डीप स्क्वायर लेग की ओर चली गई।
गेंद को हवा में जाता देख ईशान किशन तेजी से आगे की ओर दौड़े और सही समय पर डाइव लगाकर शानदार कैच लपक लिया। यह कैच जमीन से कुछ ही इंच ऊपर था और ऐसा लग रहा था कि गेंद उनके हाथ से निकल सकती है, लेकिन ईशान ने बेहतरीन नियंत्रण दिखाते हुए गेंद को मजबूती से पकड़ लिया। इस दौरान गिरते वक्त उनकी कैप भी कुछ पल के लिए आखों के सामने आ गई, लेकिन फिर भी उन्होंने कैच नहीं छोड़ा। ईशान के इस शानदार कैच के चलते रचिन रविंद्र सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए और न्यूजीलैंड को 32 रन के स्कोर पर दूसरा बड़ा झटका लग गया।\
इससे पहले भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जबरदस्त प्रदर्शन किया और 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। टीम के लिए संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। वहीं ईशान किशन ने भी 25 गेंदे 54 रन की तेजतर्रार पारी खेलते हुए स्कोर को मजबूती दी।