वेलिंग्टन, 23 फरवरी | बेसिन रिजर्व मैदान पर अपनी गेंदों से भारतीय बल्लेबाजों को परेशान करने वाले न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जेमिसन ने बल्ले से भी बेहतरीन प्रदर्शन किया और मैच के तीसरे दिन 44 रनों की पारी खेल न्यूजीलैंड को भारत पर 183 रनों की बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

Advertisement

कीवी टीम ने भारत को पहली पारी में 165 रनों पर ढेर कर दिया था। तीसरे दिन रविवार को भोजनकाल तक कीवी टीम अपनी पहली पारी में 348 रनों पर ऑल आउट हो भारत पर मजबूत बढ़त लेने में सफल रही जिसमें उसके निचले क्रम का अहम योगदान रहा।

Advertisement

न्यूजीलैंड ने दिन की शुरुआत पांच विकेट के नुकसान पर 216 रनों के साथ की। जसप्रीत बुमराह ने बीजे वाटलिंग (14) को इसी स्कोर पर पवेलियन लौटा कीवी टीम को दिन का पहला झटका दिया। इसके बाद ईशांत ने टिम साउदी (6) को मोहम्मद शमी के हाथों कैच करा न्यूजीलैंड का स्कोर सात विकेट के नुकसान पर 225 रन कर दिया।

यहां लगा कि कीवी टीम अब जल्द ही ऑल आउट हो जाएगी, लेकिन जेमिसन, कोलिन डी ग्रांडहोम और ट्रेंट बाउल्ट ने ऐसा नहीं होने दिया। पहले डी ग्रांडहोम और जेमिसन ने आठवें विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी की। अपना पदार्पण मैच खेल रहे जेमिसन गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद बल्ले से भी शानदार खेल रहे थे और अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन रविचंद्रन अश्विन की फिरकी में वह फंस कर छह रन से पचास का आंकड़ा हासिल करने से चूक गए। जेमिसन ने अपनी पारी में 45 गेंदों का सामना कर चार छक्के और एक चौका मारा।

अश्विन ने डी ग्रांडहोम को भी अर्धशतक पूरा नहीं करने दिया। वह 43 के निजी स्कोर पर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों लपके गए। उन्होंने 74 गेंदों का पारी में पांच चौके मारे। फिर बाउल्ट ने 24 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 34 रन बना कीवी टीम को 348 के कुल स्कोर तक पहुंचाया और यहीं ईशांत का पांचवां शिकार बने। बाउल्ट के आउट होते ही कीवी पारी का अंत हो गया।

भारत के लिए ईशांत ने पांच विकेट लिए। अश्विन के हिस्से तीन तो बुमराह और शमी के हिस्से एक-एक सफलता आई।
 

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार