न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में श्रीलंकाई टीम ने शानदार शुरुआत की। तेज गेंदबाज मिताली अयोध्या ने पहले ही ओवर में न्यूजीलैंड को बड़ा झटका दिया। विकेटकीपर कौशानी नुथ्यांगना ने भी बेहतरीन कैच पकड़कर टीम की इस सफलता में अहम भूमिका निभाई।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लीग स्टेज का सातवां मुकाबला मंगलवार (16 जून) को न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच साउथेम्प्टन के द रोज़ बाउल स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच में न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन उनकी टीम की शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी नहीं रही।
श्रीलंका की तेज गेंदबाज मिताली अयोध्या ने पारी के पहले ही ओवर में न्यूजीलैंड को बड़ा झटका दे दिया। ओवर की तीसरी गेंद पर मिताली अयोध्या ने ऑफ स्टंप के बाहर अच्छी लेंथ पर गेंद डाली, जो हल्का सा बाहर की ओर मूव हुई। इज़ी गेज़ ने बिना खास फुटवर्क के बल्ला चलाया, लेकिन गेंद उनके बल्ले का हल्का किनारा लेकर विकेटकीपर की ओर चली गई। गेंद जमीन के काफी करीब थी, लेकिन कौशानी नुथ्यांगना ने शानदार फुर्ती दिखाते हुए अपनी दाईं ओर डाइव लगाकर बेहतरीन कैच लपक लिया।
VIDEO:
इस विकेट के साथ इज़ी गेज़ की पारी 4 गेंद खेलकर सिर्फ 3 रन पर समाप्त हो गई और न्यूजीलैंड ने महज 4 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया, जिससे टीम पर शुरुआती दबाव बन गया।
गौरतलब है कि न्यूजीलैंड और श्रीलंका दोनों ही टीमें अपने-अपने पहले मुकाबले में हार का सामना करने के बाद इस मैच में उतरी हैं। ग्रुप बी की अंक तालिका में न्यूजीलैंड चौथे स्थान पर जबकि श्रीलंका सबसे निचले पायदान पर मौजूद है। ऐसे में दोनों टीमों इस मुकाबले में जीत हासिल कर टूर्नामेंट में वापसी करना चाहेंगी।
टीमें इस मैच के लिए
न्यूजीलैंड महिला (प्लेइंग XI): इज़ी गेज़ (विकेटकीपर), जॉर्जिया प्लिमर, अमेलिया केर (कप्तान), सोफी डिवाइन, ब्रुक हॉलिडे, मैडी ग्रीन, इज़ी शार्प, जेस केर, नैंसी पटेल, रोज़मेरी मेयर, ब्री इलिंग।
Also Read: LIVE Cricket Score
श्रीलंका महिला (प्लेइंग XI): विश्मी गुणारत्ने, चमारी अट्टापट्टू (कप्तान), हसीनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, निलाक्षिका सिल्वा, कविशा दिलहारी, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), सुगंधिका कुमारी, काव्या कविंदी, मिताली अयोध्या बंडारा, निमाशा मीपेज।