Jack Edwards Record: साउथ अफ्रीका-ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला (SA vs AUS 2nd ODI) बीते रविवार, 27 सितंबर को जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला गया था। गौरतलब है कि इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स (Jack Edwards) ने शानदार गेंदबाज़ी की और पांच विकेट चटकाए। इसी के साथ उन्होंने दो बेहद ही खास रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिए हैं।
मिचेल जॉनसन के रिकॉर्ड की बराबरी: जैक एडवर्ड्स ने वांडरर्स स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के लिए पूरे 10 ओवर डाले और 67 रन देकर 5 विकेट झटके। खास बात ये है कि इसी के साथ जैक एडवर्ड्स ने मिचेल जॉनसन की बराबरी की और वो ऑस्ट्रेलिया के लिए ODI में छठे या उससे नीचे के नंबर पर गेंदबाज़ी करके 5 विकेट हॉल लेने वाले सिर्फ दूसरे तेज गेंदबाज़ बन गए।
मिचेल जॉनसन ने ये कारनामा साल 2011 में किया था। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ पल्लेकेले वनडे में 31 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे। उन्होंने छठे गेंदबाज़ के तौर पर गेंदबाज़ी की थी। जैक एडवर्ड्स ने भी छठे गेंदबाज़ के तौर पर ये कारनामा किया है।
एलीट लिस्ट में हुए शामिल: जैक वडवर्ड्स ODI में ऑस्ट्रेलिया के लिए साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 विकेट हॉल लेने वाले पांचवें तेज गेंदबाज़ बन गए हैं। उन्होंने ये कारनामा करके एंडी बिकेल, ब्रेट ली, नाथन ब्रेकन और जोश हेजलवुड जैसे दिग्गज गेंदबाज़ों की एलीट लिस्ट में एंट्री ली है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों के ODI में 5 विकेट
- 5/19 – एंडी बिकेल, सिडनी, 2002
- 5/22 – ब्रेट ली, डॉकलैंड्स, 2006
- 5/67 – नाथन ब्रेकन, जोहान्सबर्ग, 2006
- 5/31 – जोश हेजलवुड, WACA, 2014
- 5/67 – जैक एडवर्ड्स, जोहान्सबर्ग, 2026*
मैच का हाल: वांडरर्स वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर साउथ अफ्रीका को पहले बैटिंग करने का न्योता दिया था जिन्होंने अपनी पारी के 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 365 रन बनाए। उनके लिए डेविड मिलर (93 गेंदों पर 142 रन) और कप्तान टेम्बा बावुमा (116 गेंदों पर 103 रन) ने शानदार शतक ठोके।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान मिचेल मार्श ने 53 गेंदों पर 84 रन बनाए, वहीं ट्रेविस हेड ने भी 76 गेंदों पर 84 रन और जेवियर बार्टलेट ने 28 गेंदों पर 50 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि इन सब के बावजूद ऑस्ट्रेलिया अपनी पारी की एक गेंद रहते ऑल आउट हुई और 333 रन ही बना पाई। तो ऐसे साउथ अफ्रीका ने ये मुकाबला पूरे 32 रनों से अपने नाम किया और सीरीज में भी 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।