हिंदी फिल्मों के सुपरस्टार शाहरुख खान ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के फिर से चेयरमैन चुने जाने पर जय शाह को बधाई दी। जय शाह एक बार फिर आईसीसी के चेयरमैन चुने गए हैं। यह उनका लगातार दूसरा कार्यकाल होगा।

शाहरुख खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "आईसीसी का दूसरी बार चेयरमैन बनने के लिए बधाई। विश्व क्रिकेट के संचालन में आपके नेतृत्व और हमारे पसंदीदा खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के आपके प्रयासों की बहुत सराहना की जाती है। 2028 के ओलंपिक क्रिकेट और इसके निरंतर विकास के लिए, खासकर अमेरिका में, एक बहुत बड़ा मील का पत्थर साबित होंगे। ढेर सारा प्यार और आपके आगे के सभी प्रयासों के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"

दूसरी ओर, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भी जय शाह को शुभकामनाएं दीं।

सैकिया ने एक्स पर लिखा कि जय शाह को दूसरे कार्यकाल के लिए आईसीसी अध्यक्ष के रूप में सर्वसम्मति से दोबारा चुने जाने पर बधाई। खेल के प्रति उनकी स्पष्ट दृष्टि और उस दृष्टि को कार्य में बदलने की उनकी क्षमता ने उन्हें आईसीसी बोर्ड के प्रत्येक सदस्य का विश्वास और भरोसा दिलाया है। सर्वसम्मत निर्णय उनके नेतृत्व और विश्व क्रिकेट के लिए उनके द्वारा निर्धारित दिशा में बोर्ड के विश्वास को दर्शाता है। उन्हें हर सफलता की शुभकामनाएं, क्योंकि वह दुनिया भर में खेल को आगे बढ़ाना जारी रखेंगे।

रोहित शर्मा ने शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि आईसीसी अध्यक्ष के रूप में फिर से चुने जाने पर जय शाह भाई को बहुत-बहुत बधाई। आगे के लिए शुभकामनाएं।

आईसीसी अध्यक्ष के रूप में शाह का पहला कार्यकाल तब शुरू हुआ, जब उन्हें अगस्त 2024 में सर्वसम्मति से इस भूमिका के लिए चुना गया। वह 35 साल की उम्र में इस पद को संभालने वाले सबसे कम उम्र के शख्स बने। उन्होंने 1 दिसंबर, 2024 को आईसीसी अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल की शुरुआत की।

इस बीच शाह ने कहा कि आईसीसी बोर्ड ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उससे मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं और उनके निरंतर विश्वास और समर्थन के लिए प्रत्येक निदेशक का दिल से आभारी हूं। आईसीसी के अध्यक्ष के रूप में काम करना एक विशेष अधिकार और जिम्मेदारी दोनों है, और मैं दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए अपने सदस्यों के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।

उन्होंने ओलंपिक में खेल की वापसी को नए दर्शकों तक पहुंचने और भावी पीढ़ियों को प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर बताया।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार