इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन (James Anderson) ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनका सफर अभी जारी है। इन दिनों एंडरसन काउंटी चैंपियनशिप (County Championship 2026) में लैंकशायर (Lancashire) की कप्तानी कर रहे हैं और 44 साल की उम्र में भी उनकी गेंदबाजी में वही पुराना कमाल देखने को मिल रही है, जिसके लिए वह अपने पूरे करियर में मशहूर रहे हैं।
लैंकशायर और मिडलसेक्स (Middlesex) के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान एंडरसन ने एक ऐसी गेंद डाली, जिसने मिडलसेक्स के बल्लेबाज मैक्स होल्डन (Max Holden) को पूरी तरह चकमा दे दिया। यह विकेट उनकी क्लासिक स्विंग गेंदबाजी की शानदार मिसाल रहा।
मिडलसेक्स की पहली पारी के सातवें ओवर में होल्डन का सामना एंडरसन से था। लैंकशायर के कप्तान गेंद लेकर ओवर द विकेट आए और उन्होंने गुड लेंथ पर बेहद सटीक गेंद डाली। होल्डन ने गेंद को आगे आकर डिफेंस करने की कोशिश की, लेकिन गेंद पड़ने के बाद तेजी से अंदर की तरफ स्विंग हो गई।
गेंद होल्डन के बल्ले और पैड के बीच बने छोटे से गैप से निकल गई और सीधे ऑफ स्टंप के ऊपरी हिस्से से जा टकराई। होल्डन को समझ ही नहीं आया कि गेंद उनके डिफेंस को भेदकर स्टंप तक कैसे पहुंच गई। मैक्स होल्डन इस पारी में सिर्फ 3 गेंदों का सामना कर पाए और अपना खाता भी नहीं खोल सके। वहीं सोशल मीडिया पर भी क्रिकेट फैंस इस विकेट की तारीफ करते नजर आए। गेंद में ज्यादा कुछ नजर नहीं आ रहा था, लेकिन पिच पर पड़ते ही उसकी मूवमेंट ने बल्लेबाज को पूरी तरह बेबस कर दिया।
VIDEO:
एंडरसन ने इस मुकाबले में दोनों पारियों में 3-3 विकेट चटकाकर कुल 6 विकेट अपने नाम किए।
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि, एंडरसन की शानदार गेंदबाजी के बावजूद लैंकशायर इस मुकाबले को अपने नाम नहीं कर सकी। मिडलसेक्स ने पहली पारी में 247 रन बनाए, जिसके जवाब में लैंकशायर की टीम सिर्फ 151 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके बाद मिडलसेक्स ने दूसरी पारी में 200 रन बनाए और लैंकशायर के सामने जीत के लिए 297 रन का लक्ष्य रखा। लैंकशायर की टीम दूसरी पारी में भी बल्लेबाजी में कुछ खास नहीं कर सकी और पूरी टीम 136 रन पर सिमट गई। इस तरह मिडलसेक्स ने लैंकशायर को 160 रन से हरा दिया।