Jasprit Bumrah Record: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) का 54वां मुकाबला रविवार, 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस (RCB vs MI) के बीच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। गौरतलब है कि इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) अपनी गेंदबाज़ी से धमाल मचाकर दो बेहद ही खास रिकॉर्ड बना सकते हैं।
टी20 में 350 विकेट: इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दो विकेट चटकाते हैं तो वो टी20 फॉर्मेट में अपने 350 विकेट पूरे कर लेंगे और ऐसा करने वाले सिर्फ और सिर्फ तीसरे भारतीय गेंदबाज़ बन जाएंगे। फिलहाल उनके नाम 280 मैचों में 348 टी20 विकेट दर्ज हैं।
बतौर भारतीय टी20 क्रिकेट में सिर्फ युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार ने ही 350 या उससे ज्यादा विकेट झटके हैं। युजी चहल के नाम 339 मैचों में 392 विकेट दर्ज हैं, वहीं भुवनेश्वर कुमार ने 326 मैचों में 352 विकेट लिए हैं।
रविचंद्रन अश्विन को पछाड़ने का मौका: जसप्रीत बुमराह के पास IPL में सर्वाधिक विकेट चटकाने वाले गेंदबाज़ों की लिस्ट में आर. अश्विन को पीछे छोड़ना का सुनहरा मौका है। वो RCB के खिलाफ मुकाबले में सिर्फ दो विकेट लेकर ये कारनामा कर सकते हैं। जसप्रीत बुमराह IPL में अब तक 155 मैचों में 186 विकेट ले चुके हैं। वहीं अश्विन के नाम 221 मैचों में 187 विकेट दर्ज हैं। अगर वो ऐसा कर पाते हैं तो IPL के टॉप-5 सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ों में भी शामिल हो जाएंगे।
आईपीएल में सर्वाधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी
- युजवेंद्र चहल - 184 मैचों में 229 विकेट
- भुवनेश्वर कुमार - 200 मैचों में 215 विकेट
- सुनील नारायण - 197 मैचों में 201 विकेट
- पीयूष चावला - 192 मैचों में 192 विकेट
- रविचंद्रन अश्विन - 221 मैचों में 187 विकेट
- जसप्रीत बुमराह - 155 मैचों में 186 विकेट
बताते चलें कि 32 साल के जसप्रीत बुमराह के लिए IPL का मौजूद सीजन किसी बुरे सपने की तरह रहा है और वो 10 मैचों में सिर्फ और सिर्फ 3 विकेट विकेट ले पाए हैं। इस दौरान उन्होंने 37 ओवर गेंदबाज़ी की और लगभग 9 की इकोनॉमी से 329 रन लुटाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
मुंबई इंडियंस टीम: विल जैक्स, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), रॉबिन मिंज, कृष भगत, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, एएम गजनफर, रघु शर्मा, राज बावा, मयंक रावत, शार्दुल ठाकुर, अश्विनी कुमार, रोहित शर्मा, दीपक चाहर, क्विंटन डी कॉक, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, शेरफेन रदरफोर्ड, मयंक मार्कंडेय, दानिश मालेवार, मोहम्मद सलाउद्दीन इज़हार।