Jasprit Burmah Ruled Out Of IND vs SL Test Reports: भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से दो मैचों की टेस्ट सीरीज (SL vs IND Test Series) का आगाज होगा जिसके शुरू होने से पहले भारतीय टीम से जुड़ी एक बेहद ही बुरी खबर सामने आई है। दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार टीम इंडिया के घातक गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) चोटिल होने के कारण श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में बाहर हो गए हैं।
TOI ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि जसप्रीत बुमराह अभी पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं। उनके बाएं घुटने में तकलीफ बनी हुई हैं जिसके मद्देनज़र मेडिकल टीम ने उन्हें इंजेक्शन लेने को कहा है। टीम मैनजमेंट भी जसप्रीत बुमराह को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता यही वज़ह है उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि जसप्रीत बुमराह आखिरी बार जुलाई के महीने में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे मुकाबला खेलने मैदान पर उतरे थे। उन्हें भारत-इंग्लैंड के बीच कार्डिफ में खेले गए मुकाबले के दौरान फील्डिंग करते समय बाएं घुटने पर समस्या महसूस हुई थी जिसके बाद से ही वो क्रिकेट एक्शन से दूर हैं।
याद दिला दें हाल ही में जब BCCI ने श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया की घोषणा की तब भी जसप्रीत बुमराह के खेलने पर 'सब्जेक्ट टू फिटनेस' लिखा था। यानी कहीं ना कहीं टीम मैनजमेंट को ये शक था कि जसप्रीत बुमराह श्रीलंका टेस्ट सीरीज के शुरू होने तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाएंगे। बताते चलें कि BCCI ने अब तक जसप्रीत बुमराह की चोट और फिटनेस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
खबरों के अनुसार श्रीलंका टेस्ट सीरीज से जसप्रीत बुमराह के बाहर होने पर आकिब नबी को स्क्वाड में चुना जा सकता है। इस 29 वर्षीय अनुभवी खिलाड़ी को अब तक भारतीय जर्सी पहनने का मौका नहीं मिला है। उनके नाम 43 फर्स्ट क्लास मैचों की 58 पारियों में 999 रन और 71 पारियों में 162 विकेट दर्ज हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत, साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन। (*फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर)