Jasprit Bumrah Record: आईपीएल 2026 में जसप्रीत बुमराह एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने के करीब हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में मैदान पर उतरते ही वह मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए यह खास उपलब्धि हासिल कर लेंगे और ऐसा करने वाले पहले तेज गेंदबाज बन जाएंगे।
गुरुवार (16 अप्रैल) को आईपीएल 2026 के मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खेले जाने वाले मुकाबले में जसप्रीत बुमराह इतिहास रचने जा रहे हैं। वानखेड़े स्टेडियम में जैसे ही बुमराह मैदान पर उतरेंगे, वह मुंबई इंडियंस के लिए 150 मैच खेलने वाले पहले तेज गेंदबाज बन जाएंगे।
यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने इस मामले में टीम के दिग्गज गेंदबाज लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़ दिया है। मलिंगा ने मुंबई के लिए 122 मैच खेले थे, जबकि बुमराह अब 150 मैचों का आंकड़ा छूने जा रहे हैं।
बुमराह 2013 में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे और तब से लेकर अब तक वह इस टीम के साथ लगातार बने हुए हैं। 2014, 2018, 2022 और 2025 के मेगा ऑक्शन में फ्रेंचाइज़ी ने उन पर भरोसा जताया और उन्होंने भी हर बार उम्मीदों पर खरा उतरते हुए खुद को टीम का सबसे बड़ा मैच विनर साबित किया।
शुरुआती दिनों में बुमराह को प्लेइंग इलेवन में नियमित जगह नहीं मिलती थी, लेकिन 2016 में भारत के लिए डेब्यू करने के बाद उनका करियर पूरी तरह बदल गया। इसके बाद वह मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी आक्रमण की रीढ़ बन गए हैं। अब तक मुंबई इंडियंस के लिए बुमराह 183 विकेट ले चुके हैं, जिसमें दो बार 5 विकेट हॉल भी शामिल हैं। उनकी सटीक यॉर्कर और डेथ ओवर्स की गेंदबाजी ने टीम को कई अहम मैच जिताए हैं।
अगर मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की बात करें तो रोहित शर्मा इस लिस्ट में सबसे आगे हैं, जिन्होंने 231 मैच खेले हैं। उनके बाद कीरोन पोलार्ड (189 मैच) का नाम आता है। इसके अलावा हरभजन सिंह (136 मैच) और हार्दिक पांड्या (124 मैच) भी इस सूची में शामिल हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी
- रोहित शर्मा - 246 मैच
- कीरोन पोलार्ड - 189 मैच
- जसप्रीत बुमराह - 149 मैच
- हरभजन सिंह - 136 मैच
- हार्दिक पांड्या - 124 मैच