आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया की पारी के दौरान भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने डाइव लगाकर शानदार कैच लपका, जिसे देखकर अक्षर पटेल भी खुद को तालियां बजाने से नहीं रोक पाए।
भारत और नामीबिया के बीच खेले गए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 18वें मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने गेंद के साथ-साथ फील्डिंग में भी कमाल दिखाया। गुरुवार (12 फरवरी) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच के दौरान बुमराह का एक शानदार डाइविंग कैच चर्चा का विषय बन गया।
नामीबिया की पारी के दौरान 13वें ओवर में मालन क्रूगर ने अक्षर पटेल की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर हवा में ऊंची चली गई। शुरुआत में ऐसा लगा कि बुमराह ने गेंद को लाइट्स में खो दिया है, लेकिन उन्होंने शानदार फुर्ती दिखाते हुए आगे की ओर डाइव लगाकर बेहतरीन कैच लपक लिया।
इस कैच को देखकर अक्षर पटेल खुद हैरान रह गए और उनका रिएक्शन कैमरे में कैद हो गया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। विकेट गिरते ही अक्षर ने तालियां बजाकर बुमराह की जमकर तारीफ की।
मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 209 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। ईशान किशन ने 24 गेंदों में 61 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि हार्दिक पांड्या ने 28 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में नामीबिया की टीम भारतीय गेंदबाज़ों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी पारी 116 रन पर सिमट गई। भारत ने यह मुकाबला 93 रन से जीतकर टूर्नामेंट में शानदार जीत दर्ज की।