Jofra Archer Record: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) का 28वां मुकाबला बीते रविवार, 19 अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला गया था जहां राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के तेज गेंदबाज़ जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer) ने अपनी पहली ही गेंद पर केकेआर के बल्लेबाज टिम सेफर्ट (Tim Seifert) को बोल्ड करके आउट किया। गौरतलब है कि इसी के साथ उन्होंने एक बेहद ही खास रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, 31 साल के जोफ्रा आर्चर अब आईपीएल के इतिहास में इनिंग की पहली गेंद पर सर्वाधिक बार विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बन गए हैं। उन्होंने मोहम्मद शमी की बराबरी करके ये रिकॉर्ड बनाया है। ये दोनों ही गेंदबाज़ पांच-पांच बार आईपीएल इनिंग की पहली गेंद पर विकेट चटका चुके हैं।
आईपीएल पारी की पहली गेंद पर सबसे अधिक बार विकेट
- मोहम्मद शमी - 5
- जोफ्रा आर्चर - 5
इतना ही नहीं, ये भी जान लीजिए कि जोफ्रा साल 2026 के सीजन में अब तक आईपीएल के बेस्ट पावरप्ले बॉलर रहे हैं। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए पावरप्ले में गेंदबाज़ी करते हुए अब तक 8.63 की इकोनॉमी से 6 विकेट झकटे हैं। उनके बाद इस लिस्ट में लखनउऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज़ प्रिंस यादव (इकोनॉमी - 8 रन) और फिर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज़ जैकब डफी (इकोनॉमी - 11.12 रन) हैं, जिन्होंने पांच-पांच विकेट हासिल किए हैं।
बताते चलें कि उन्होंने केकेआर के सामने अपने कोटे के 4 ओवर में 35 रन देकर 1 विकेट हासिल किया था। इसके अलावा वो टूर्नाामेंट में अब तक 6 मैचों में 8.52 की इकोनॉमी से 8 विकेट निकाल चुके हैं।
ऐसा रहा मैच का हाल: IPL 2026 का 28वां मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला गया था जहां राजस्थान रॉयल्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी और 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 155 रन स्कोर बोर्ड पर टांगे।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में केकेआर के लिए रिंकू सिंह ने नंबर-7 पर बैटिंग करके मैदान पर तूफान उठाया और 34 गेंदों पर नाबाद 53 रन ठोके। उनके अलावा अनुकूल रॉय ने 16 गेंदों पर नाबाद 29 रन और कैमरून ग्रीन ने 13 गेंदों पर 27 रन ठोके जिसके दम पर टीम ने 19.4 ओवर में 156 रनों का लक्ष्य हासिल करके 4 विकेट से जीत दर्ज की। इस सीजन में केकेआर की पहली जीत है।