न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने लंदन के केनिंग्टन ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन के अंत तक 7 विकेट के नुकसान पर 291 रन बना लिए हैं। दिन का खेल खत्म होने पर ग्लेन फिलिप्स 49 रन औऱ काइल जैमीसन 6 रन बनाकर नाबाद रहे। हालांकि, ये पहला दिन निकालना फिलिप्स के लिए बिल्कुल भी आसान नहीं रहा क्योंकि इंग्लैंड के तूफानी तेज़ गेंदबाज़ जोफ्रा आर्चर ने उन पर ज़रा भी रहम नहीं दिखाया।
पहले दिन के आखिर में, इस तेज़ गेंदबाज़ ने शॉर्ट-पिच गेंदों का ज़बरदस्त और आक्रामक आठ ओवर का स्पेल डाला। दिन के आखिरी कुछ ओवरों में ग्लेन फ़िलिप्स के साथ उनकी टक्कर ने सबका ध्यान खींचा। फिलिप्स को आर्चर के सामने भी चश्मा लगाकर बैटिंग करते देखना दिन का हाइलाइट रहा और सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा रही लेकिन आर्चर की खतरनाक बाउंसर्स के सामने जब वो बेबस नजर आए तो कुछ फैंस ने उन्हें अगले दिन चश्मा उतारकर बल्लेबाजी करने की सलाह दी।
फ़िलिप्स, पहले दिन के अंत में 36 मिनट तक कोई रन नहीं बना पाए और वो आर्चर की बॉलिंग के सामने बचने के लिए झुकते और बचते हुए बार-बार ज़मीन पर गिरते रहे। उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसे आप नीचे देख सकते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
पहले दिन की बात करें तो बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद न्यूजीलैंड की शुरूआत खराब रही और 107 रन के कुल स्कोर तक डेवोन कॉनवे (9 रन), कप्तान टॉम लैथम (27 रन), हेनरी निकल्स (24 रन) औऱ रचिन रविंद्र (33 रन) आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद डेरिल मिचेल औऱ टॉम ब्लंडेल ने पारी को संभाला और पांचवें विकेट के लिए 105 गेंदों में 81 रनों की साझेदारी की। मेहमान टीम को पांचवां झटका मिचेल के रूप में लगा, जिन्होंने 74 गेंदों में 44 रन बनाए। पहले दिन टॉप स्कोरर रहे ब्लंडेल, जिन्होंने 84 गेंदों में 51 रन जोड़े। मिचेल के बाद उन्होंने फिलिप्स के साथ छठे विकेट के लिए 89 गेंदों में ताबड़तोड़ 75 रन जोड़े। इंग्लैंड के लिए डेब्यू मैच खेल रहे सोनी बेकर औऱ जैकब बेथेल ने 2-2 विकेट, जोश टंग, मैथ्यू फिशर और जोफ्रा आर्चर ने 1-1 विकेट हासिल किया।