SA vs NAM 1st ODI: साउथ अफ्रीका के 24 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज जॉर्डन हरमन (Jordan Hermann) ने वनडे क्रिकेट में अपने डेब्यू को यादगार बना दिया है। बुधवार (9 सितंबर) को नामीबिया के खिलाफ विंडहोक के नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए पहले वनडे में हरमन ने 126 गेंदों में 150 रन की शानदार पारी खेली।
हरमन ने अपनी इस पारी के दौरान 17 चौके और 3 छक्के लगाए। डेब्यू मैच में उनकी बल्लेबाजी इतनी शानदार रही कि उन्होंने वनडे डेब्यू पर सबसे बड़ी पारी खेलने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब उनके नाम भी अपने पहले ही वनडे में 150 रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
दरअसल, वनडे डेब्यू पर 150 रन बनाने का रिकॉर्ड इससे पहले साउथ अफ्रीका के ही मैथ्यू ब्रीट्जके के नाम था। ब्रीट्जके ने 10 फरवरी 2025 को न्यूजीलैंड के खिलाफ लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में अपने पहले वनडे में 150 रन की पारी खेली थी। उन्होंने 148 गेंदों का सामना करते हुए बतौर ओपनर यह पारी खेली थी।
अब जॉर्डन हरमन भी इस खास लिस्ट में ब्रीट्जके के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। दुनिया में ये दोनों ही ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने अपने पहले वनडे मैच में 150 रन का आंकड़ा छुआ है। खास बात यह है कि दोनों ही बल्लेबाज साउथ अफ्रीका के हैं।
वनडे डेब्यू पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
- 150 रन — जॉर्डन हरमन बनाम नामीबिया, 2026
- 150 रन — मैथ्यू ब्रीट्जके बनाम न्यूजीलैंड, 2025
- 148 रन — डेसमंड हेंस बनाम ऑस्ट्रेलिया, 1978
- 127 रन — रहमानुल्लाह गुरबाज बनाम आयरलैंड, 2021
- 124 रन — मार्क चैपमैन* बनाम यूएई, 2015
- 124 रन — कॉलिन इंग्राम बनाम जिम्बाब्वे, 2010
Also Read: LIVE Cricket Score
हरमन ने अपनी 150 रन की पारी के दौरान टोनी डी जॉर्जी के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 190 रन की बड़ी साझेदारी भी की। डी जॉर्जी ने नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए 84 गेंदों में 72 रन बनाए। दोनों की इस साझेदारी की बदौलत साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 348 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।