Jos Buttler Record: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) का दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार, 05 मार्च को भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG Semi Final) के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। गौरतलब है कि इस मुकाबले के लिए मैदान पर कदम रखते ही इंग्लिश खिलाड़ी जोस बटलर (Jos Buttler) ने एक बेहद ही खास रिकॉर्ड लिस्ट में बांग्लादेश के दिग्गज शाकिब अल हसन (Shakib Al Hasan) की बराबरी कर ली है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, 35 वर्षीय जोस बटलर आज अपने करियर में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का 43वां मुकाबला खेल रहे हैं। खास बात ये है कि इसी के साथ अब वो बांग्लादेश के दिग्गज शाकिब अल हसन की बराबरी करके इस टूर्नामेंट के इतिहास में दूसरे सर्वाधिक मुकाबले खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस लिस्ट में सबसे ऊपर भारत के रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने 47 टी20 वर्ल्ड कप मैच खेले हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी
- रोहित शर्मा (भारत) - 47 मैच
- जोस बटलर (इंग्लैंड) - 43 मैच
- शाकिब अल हसन (बांग्लादेश) - 43 मैच
- डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया) - 41 मैच
- आदिल राशिद (इंग्लैंड) - 38 मैच
इसके अलावा, ये भी जान लीजिए कि जोस बटलर टी20 वर्ल्ड कप में अपना 7वां नॉक आउट मैच खेले हैं। इस खास लिस्ट में उनसे ऊपर अब सिर्फ और सिर्फ भारत के रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में कुल 8 नॉक आउट मैच खेले।
बात करें अगर भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच की तो वानखेड़े के मैदान पर इंग्लिश कैप्टन हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया है। इस बड़े मुकाबले के लिए टीम इंडिया अपनी प्लेइंग इलेवन में बिना कोई बदलाव किए मैदान पर उतरी है, वहीं इंग्लिश टीम ने रेहान अहमद की जगह जेमी ओवरटन को कॉम्बिनेशन में शामिल किया है। यहां देखें लाइव स्कोर कार्ड
ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत (प्लेइंग इलेवन): अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रित बुमराह।
Also Read: LIVE Cricket Score
इंग्लैंड (प्लेइंग इलेवन): फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद।