टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 29वें मुकाबले में इंग्लैंड ने इटली को 24 रनों से हराकर टूर्नामेंट के सुपर-8 स्टेज के लिए क्वालिफाई कर लिया है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मैच में इंग्लिश टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 202 रन बनाए थे जिसके जवाब में इटली की टीम 20 ओवर खेलने के बाद सिर्फ 178 रन ही बना पाई और इंग्लैंड ने ये मैच 24 रनों से जीत लिया।
इस मैच में इंग्लैंड के बल्लेबाजों और गेंदबाजों के अलावा फील्डर्स ने भी शानदार काम किया और इसकी अगुवाई जोस बटलर ने विकेट के पीछे से की। उन्होंने इटली के कप्तान हैरी मैनेंटी को आउट करने के लिए एक ऐसा कैच पकड़ा जिसे आप एक बार नहीं बल्कि बार-बार देखना चाहेंगे। ये कैच इटली की पारी के चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर देखने को मिला।
इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ जेमी ओवरटन ने इटली के कप्तान को एक शॉर्ट गेंद डाली जो कि स्टंप लाइन पर थी, तभी हैरी ने इस गेंद पर स्कूप खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद ने बल्ले का पतला अंदरूनी किनारा लिया और वो विकेट के पीछे हवा में चली गई। ऐसा लग रहा था कि गेंद विकेटकीपर बटलर के ऊपर से चली जाएगी लेकिन बटलर ने सुपरमैन स्टाइल में तेज़ी से अपनी बाईं ओर हवा में डाइव लगाते हुए शानदार कैच पकड़ लिया। उनके इस कैच का वीडियो काफी वायरल हो रहा है जिसे आप नीचे देख सकते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस मैच की बात करें तो 203 रनों के एक बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और पहले ही ओवर में जोफ्रा आर्चर ने इटली को दो झटके दे डाले। ऐसा लग रहा था कि इटली ये मैच आसानी से हार जाएगा लेकिन तभी ओपनर जस्टिन मोस्का (43) ने बेन मैनेंटी (60) के साथ मिलकर एक तूफानी अर्द्धशतकीय साझेदारी कर डाली जिससे इटली की टीम मैच में वापस आ गई लेकिन इस साझेदारी और खासकर बेन मैनेंटी के आउट होते ही इटली की टीम फिर से बैकफुट पर आ गई। ये वो पल था जब इंग्लैंड मैच को आसानी से जीतता नजर आ रहा था लेकिन ग्रांट स्टीवर्ट (45) ने ऐसी जबरदस्त हिटिंग की जिसने इटली को फिर से मैच में ला खड़ा किया लेकिन 19वें ओवर में उनके आउट होते ही इटली की उम्मीदें खत्म हो गईं और पूरी टीम 178 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।