Josh Tongue And Ollie Robinson Split The Ball In Half Video: हेडिंग्ले टेस्ट (ENG vs PAK 1st Test) के पहले दिन बीते बुधवार, 19 अगस्त को जोश टंग (Josh Tongue) और ओली रॉबिन्सन (Ollie Robinson) ने लीड्स के मैदान पर तूफान ही उठा दिया और पाकिस्तान के 5-5 विकेट झटके। इसके बाद उन्होंने गज़ब का याराना भी दिखाया और याद के तौर पर गेंद को दो टुकड़ों में बांटकर एक-एक हिस्सा रखा।
इंग्लैंड क्रिकेट ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक वीडियो साझा किया है जिसमें जोश टंग और ओली रॉबिन्सन आधी-आधी गेंद के साथ दिखे। इसी बीच जोश टंग ने गेंद को बाटंने के पीछे के उद्देश्य से भी पर्दा उठाया।
वो बोले, "रॉबिन्सन ने मुझसे कहा हम गेंद को दो टुकड़ों में बांट सकते हैं। इसके बाद ग्राउंड स्टाफ ने ऐसा कर दिया। मैंने ऐसा पहली बार देखा। मैं निश्चित ही इसे (आधी गेंद) को अपने पास रखूंगा। इससे पहले क्रिकेट बॉल के दो टुकड़े आपने शायद नहीं देखे होंगे, तो यह कुछ नया था जो हम कभी नहीं भूल पाएंगे।"
गौरतलब है कि पाकिस्तान की पहली पारी में जोश टंग ने 9.1 ओवर गेंदबाज़ी की और सिर्फ 46 रन देकर 5 विकेट चटकाए। दूसरी तरफ ओली रॉबिन्सन ने 18 ओवर डाले और 51 रन देकर विकेटों का पंजा खोला।
मैच का हाल: हेडिंग्ले के मैदान पर इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया जो कि अपनी पहली पारी में सिर्फ 171 रन बना पाए। पाकिस्तान के लिए सिर्फ अब्दुल्ला शफीक ने ही अर्धशतक लगाया।
इसके बाद इंग्लिश टीम बैटिंग करने मैदान पर आई और उन्होंने पहले दिन के खेल के अंत तक 25 ओवर खेलकर 2 विकेट के नुकसान पर 112 रन जोड़े। यानी अब वो पाकिस्तान के स्कोर से सिर्फ 59 रन पीछे हैं। बताते चलें दूसरे दिन के खेल की शुरुआत में जॉर्डन कॉक्स (38 गेंदों पर नाबाद 23 रन) और जो रूट (53 गेंदों पर नाबाद 37 रन) इंग्लैंड की पारी को आगे बढ़ाएंगे।
देखें प्लेइंग XI
इंग्लैंड (प्लेइंग इलेवन): बेन डकेट, एमिलियो गे, जॉर्डन कॉक्स, जो रूट (कप्तान), हैरी ब्रूक, डैन लॉरेंस, जेमी स्मिथ (डब्ल्यू), ओली रॉबिन्सन, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग।
Also Read: LIVE Cricket Score
पाकिस्तान (प्लेइंग इलेवन): अज़ान अवैस, इमाम-उल-हक, शान मसूद, अब्दुल्ला शफीक, सऊद शकील, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सलमान आगा (कप्तान), अली उस्मान, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अली, मोहम्मद अब्बास।