West Indies vs Pakistan 1st Test: वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स (Justin Greaves Test Record) ने सोमवार (27 जुलाई) को त्रिनिदाद के ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में इतिहास रच दिया है। ग्रीव्स टेस्ट क्रिकेट में लगातार पांच मेडन ओवरों में विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए, इस फॉर्मेट के 149 साल के इतिहास में ऐसा कोई नहीं कर पाया था। बता दें कि उन्होंने पहली बार टेस्ट में पारी में पांच विकेट लिए हैं।
ग्रीव्स ने वेस्टइंडीज के लिए पहली पारी में 11 ओवर में 27 रन देकर 5 विकेट लिए। पहले 6 ओवर में उनके आंकड़े बिना कोई विकेट लिए 27 रन था, लेकिन उन्होंने अगले पांच ओवर में बिना कोई रन दिए पांच विकेट अपने खाते मे डाले और पाकिस्तान के बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया।
ग्रीव्स ने शान मसूद (109 रन), मोहम्मद रिजवान, आमेर जमाल, अली उस्मान और मोहम्मद अब्बास को अपना शिकार बनाया। एक समय पाकिस्तान टीम काफी मजबूत दिख रही थी और स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 244 रन था, लेकिन अगले 38 रन के अंदर आखिरी 7 विकेट गिर गए, जिसमें पांच विकेट ग्रीव्स के खाते में ही आए।
ग्रीव्स के दम पर एक समय पिछड़ती हुई दिख रही वेस्टइंडीज को पहली पारी में 29 रन की बढ़त मिली और पाकिस्तान टीम पहली पारी में 282 रनों पर सिमट गई।
गौरतलब है कि तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज का स्कोर दूसरी पारी में 7 विकेट के नुकसान पर 126 रन रहा। इसके साथ ही मेजबान टीम की कुल बढ़त 155 रन की हो गई है। पहली पारी में सस्ते में सिमटने के बाद ग्रीव्स दूसरी पारी में भी बल्लेबाजी में फ्लॉप रहे।
Also Read: LIVE Cricket Score
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 311 रन बनाए थे।