आईपीएल 2026 का क्वालीफायर-1 मुकाबला मंगलवार (26 मई) को धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जा रहा है। इस बड़े मुकाबले में साउथ अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने मैदान पर उतरते ही एक बेहद खास रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया।
गुजरात टाइटंस की तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई कर रहे रबाडा को इस मुकाबले से पहले मौजूदा सीजन में 25 विकेट पूरे करने के लिए सिर्फ एक विकेट की जरूरत थी। उन्होंने RCB की पारी के दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर वेंकटेश अय्यर को आउट कर यह उपलब्धि हासिल कर ली। इसी के साथ रबाडा आईपीएल इतिहास में तीन अलग-अलग सीजन में 25 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए।
रबाडा ने इससे पहले 2019 सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 12 मैचों में 25 विकेट लिए थे। इसके बाद 2020 सीजन में उन्होंने 17 मैचों में 30 विकेट चटकाकर धमाल मचाया था। अब IPL 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए उन्होंने 15 मैचों में 25 विकेट पूरे कर लिए हैं और फिलहाल पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं।
रबाडा ने इस मामले में चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो का रिकॉर्ड तोड़ है। इससे पहले आईपीएल में सबसे ज्यादा बार 25 या उससे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से ब्रावो और रबाडा के नाम था। ब्रावो ने 2013 में 32 और 2015 में 26 विकेट लिए थे, जबकि अब रबाडा तीसरी बार इस आंकड़े तक पहुंच गए हैं।
आईपीएल में सबसे ज्यादा बार 25 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज:
- कगिसो रबाडा – 3 बार
- ड्वेन ब्रावो – 2 बार
रबाडा ने इस मुकाबले में एक और खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने IPL के एक सीजन में पावरप्ले के अंदर सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। वेंकटेश अय्यर का विकेट इस सीजन पावरप्ले में उनकी 18वीं सफलता थी। इससे पहले यह रिकॉर्ड मोहम्मद शमी के नाम था, जिन्होंने 2023 सीजन में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए पावरप्ले में 17 विकेट झटके थे।
आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा पावरप्ले विकेट:
- 18 – कगिसो रबाडा (2026)
- 17 – मोहम्मद शमी (2023)
- 16 – मिशेल जॉनसन (2013)
- 16 – ट्रेंट बोल्ट (2020)
- 15 – मोहित शर्मा (2013)
- 15 – दीपक चाहर (2019)
- 15 – भुवनेश्वर कुमार (2026)
Also Read: LIVE Cricket Score
रबाडा का यह शानदार प्रदर्शन गुजरात टाइटंस के लिए इस सीजन बेहद अहम साबित हुआ है। उनकी घातक गेंदबाजी के दम पर टीम ने पूरे टूर्नामेंट में कई मुकाबलों में शानदार वापसी की है और अब प्लेऑफ में भी उनसे बड़ी उम्मीदें होंगी।