गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में कगिसो रबाडा ने नई गेंद से कहर बरपाते हुए SRH को मुश्किल में डाल दिया। ट्रैविस हेड के जल्दी आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन से टीम को उम्मीदें थीं, लेकिन रबाडा ने दोनों को अपने जाल में फंसा लिया।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मंगलवार (12 मई) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 56वे मुकाबले में गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहे साउथ अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने नई गेंद से शानदार गेंदबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के टॉप ऑर्डर को पूरी तरह हिला दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने साईं सुदर्शन (61) और वाशिंगटन सुंदर (50) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 168 रन का स्कोर खड़ा किया था। ऐसे में लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को तेज शुरुआत की जरूरत थी, लेकिन टीम शुरुआत से ही बिखरती नजर आई।
ट्रैविस हेड पहले ही बिना खाता खोले पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद अभिषेक शर्मा आक्रामक अंदाज में खेलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कगिसो रबाडा ने उनकी योजना पर पानी फेर दिया। पारी का दूसरा ओवर डाल रहे रबाडा ने गेंद को थोड़ा पीछे रखा। अभिषेक आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलना चाहते थे, लेकिन गेंद उनके काफी करीब आ गई। वह पूरी तरह जगह नहीं बना पाए और अंदरूनी किनारा लगने के बाद गेंद स्टंप्स पर जा लगी। अभिषेक शर्मा सिर्फ 4 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हो गए।
VIDEO:
रबाडा यहीं नहीं रुके। अपने अगले ही ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने ईशान किशन को भी चलता कर दिया। ऑफ स्टंप के बाहर रखी गई गेंद हल्की अंदर की तरफ आई और ईशान किशन बल्ला अड़ा बैठे। गेंद बाहरी किनारा लेकर सीधे विकेटकीपर जोस बटलर के दस्तानों में चली गई। अंपायर ने तुरंत उंगली उठा दी और ईशान किशन की पारी 7 गेंदों में 11 रन पर खत्म हो गई।
इस विकेट के साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद को सिर्फ 23 रन पर तीसरा बड़ा झटका लग गया। रबाडा ने इस मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 28 रन देकर 3 विकेट झटके।