न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। उनके इस फैसले के बाद क्रिकेट जगत से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच विराट कोहली ने भी सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल केन विलियमसन ने शुक्रवार (12 जून) को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। उनके इस फैसले ने दुनियाभर के क्रिकेट फैंस को भावुक कर दिया है। लगभग डेढ़ दशक तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ने वाले विलियमसन अब राष्ट्रीय टीम की जर्सी में नजर नहीं आएंगे।
विलियमसन के संन्यास की खबर सामने आते ही कई मौजूदा और पूर्व खिलाड़ियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली भी खुद को प्रतिक्रिया देने से नहीं रोक सके। कोहली और विलियमसन की दोस्ती काफी पुरानी मानी जाती है। दोनों ने 2008 अंडर-19 विश्व कप में हिस्सा लिया था और तब से एक-दूसरे के खिलाफ तथा साथ-साथ क्रिकेट के सफर को करीब से देखा है।
विराट कोहली ने अपने एक्स अकाउंटर पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि वर्षों के दौरान एक प्रतिद्वंद्वी से दोस्त बनने तक का सफर बेहद खास रहा है। उन्होंने कहा कि विलियमसन को बल्लेबाजी करते देखना और उनके खिलाफ खेलना हमेशा शानदार अनुभव रहा, लेकिन उससे भी ज्यादा वह उनकी दोस्ती और खेल को लेकर साझा सोच को महत्व देते हैं।
कोहली ने अपने संदेश में यह भी कहा कि जब भी दोनों की मुलाकात या बातचीत होती है, वह उन पलों को संजोकर रखते हैं। उन्होंने विलियमसन को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि अब समय आ गया है कि वह अपने शानदार करियर का आनंद लें और नई जिंदगी की शुरुआत करें।
From an opponent to a friend over the years. It’s been a pleasure watching you bat and compete against you over so many years but more than that I value our friendship and shared perspectives on the game and beyond. I continue to cherish every time we speak or meet. Wishing you…
Virat Kohli (imVkohli) June 12, 2026
Also Read: LIVE Cricket Score
केन विलियमसन का अंतरराष्ट्रीय करियर आंकड़ों के लिहाज से भी बेहद शानदार रहा। उन्होंने अपने करियर में 19,346 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए, जिसमें 48 शतक और 6 दोहरे शतक शामिल रहे। इसके अलावा उनकी कप्तानी, शांत स्वभाव और दबाव में बेहतरीन प्रदर्शन करने की क्षमता ने उन्हें दुनिया के सबसे सम्मानित क्रिकेटरों में शामिल किया।