Most T20 Runs Record: वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड (Kieron Pollard T20 Runs) ने रविवार (21 जून) को डलास के ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम में खेले गए मेजर लीग क्रिकेट 2026 के मुकाबले मे एमआई न्यूयॉर्क के लिए तूफानी शतक जड़कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया।
वॉशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए पोलार्ड ने 56 गेंदों में नाबाद 100 रन की पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 4 छक्के जड़े। इसके साथ ही उन्होंने टी-20 क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
पोलार्ड के 735 मैच की 652 पारियों में 14582 रन हो गए हैं। इस लिस्ट में उन्होंने वेस्टइंडीज के ही पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल को पीछे छोड़ा, जिनके नाम 463 मैच की 455 पारियों में 14562 रन दर्ज हैं।
बता दें कि पोलार्ड के टी-20 करियर का यह दूसरा ही शतक था, जो एमआई न्यूयॉर्क को जीत दिलाने के लिए नाकाफी साबित हुई।
गौरतलब है कि इस मुकाबले में वॉशिंगटन फ्रीडम ने एमआई न्यूयॉर्क को 30 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद वॉशिंगटन फ्रीडम टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 245 रन का विशाल स्कोर बनाया।
ओपनिंग बल्लेबाज मिचेल ओवन ने 68 गेंदों में 11 चौकों औऱ 13 छक्कों की बदौलत 155 रन की पारी खेली। जो टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी है।
Also Read: LIVE Cricket Score
जवाब में एमआई न्यूयॉर्क की टीम 6 विकेट गवाकर 215 रन बना सकी। पोलार्ड के अलावा कोर्बिन बॉश ने 14 गेंदों में नाबाद 35 रन की पारी खेली।