KL Rahul Completes 1000 Runs For Three IPL Teams: आईपीएल में भारतीय स्टार बल्लबाज केएल राहुल ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। राहुल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 1000 रन पूरे कर यह कारनामा अपने नाम किया है।
आईपीएल 2026 के 51वें मुकाबले में शुक्रवार (8 मई) को दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमें अरुण जेटली स्टेडियम में आमने-सामने हैं। इस मुकाबले में केएल राहुल भले ही बड़ी पारी नहीं खेल पाए, लेकिन उन्होंने अपनी छोटी पारी से ही इतिहास रच दिया।
राहुल ने 14 गेंदों में 23 रन बनाए, जिसमें 4 चौके शामिल रहे। इसी दौरान उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए अपने 1000 रन भी पूरे कर लिए। इस उपलब्धि के साथ वह आईपीएल इतिहास में तीन अलग-अलग टीमों के लिए 1000 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
इससे पहले राहुल पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए भी 1000 से ज्यादा रन बना चुके हैं। पंजाब किंग्स के लिए उन्होंने 2018 से 2021 के बीच 2548 रन बनाए थे और आज भी वह टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए उन्होंने 2022 से 2024 के बीच 1410 रन बनाए।
इतना ही नहीं, राहुल ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे तेज 1000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने यह कारनामा सिर्फ 23 पारियों में किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से जेपी डुमिनी और ऋषभ पंत के नाम था, जिन्होंने 35 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे तेज 1000 रन (पारी के हिसाब से):
- केएल राहुल – 23 पारी
- जेपी डुमिनी – 35 पारी
- ऋषभ पंत – 35 पारी
इसके अलावा राहुल ने इस मुकाबले में अपने आईपीएल करियर के 500 चौके भी पूरे कर लिए। वह आईपीएल में 500 चौके लगाने वाले सातवें बल्लेबाज बन गए हैं। आईपीएल में सबसे ज्यादा चौके लगाने का रिकॉर्ड फिलहाल विराट कोहली के नाम है, जिन्होंने 813 चौके लगाए हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
आईपीएल 2026 में राहुल शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। वह इस सीजन अब तक 11 मैचों में 468 रन बना चुके हैं और उनका स्ट्राइक रेट 180 का रहा है। पंजाब किंग्स के खिलाफ खेली गई उनकी रिकॉर्डतोड़ 152 रन की पारी इस सीजन की सबसे चर्चित पारियों में शामिल है।