KL Rahul Record: भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज़ केएल राहुल (KL Rahul) ने वेलिंगटन टेस्ट (NZ vs IND 1st Test) के दूसरे दिन 116 गेंदें खेली और 5 चौके लगाकर नाबाद 52 रन बनाए। गौरतलब है कि इसी के दम पर केएल राहुल ने एक ऐसा महारिकॉर्ड बना दिया है जो कि भारत के टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में बड़े-बड़े क्रिकेटर नहीं बना पाए।
केएल राहुल ने रचा इतिहास: 34 वर्षीय केएल राहुल भारत के 94 साल के टेस्ट क्रिकेट इतिहास के ऐसे पहले सलामी बल्लेबाज़ बन गए हैं, जिसने सभी SENA देशों (S= साउथ अफ्रीका, E= इंग्लैंड, N= न्यूजीलैंड, A= ऑस्ट्रेलिया) में पचास प्लस की पारी खेली। भारत ने 25 जून, 1932 में पहला टेस्ट मुकाबला खेला था। वीरेंद्र सहवाग और सुनील गावस्कर जैसी लीज़ेंड जिन्होंने भारत के लिए टेस्ट में ओपनिंग की, वो भी सभी SENA देशों में पचास प्लस रन की पारी नहीं खेल पाए थे।
इसके अलावा वो एक एशियन सलामी बल्लेबाज़ के तौर पर SENA देशों में दूसरे सर्वाधिक पचास प्लस की पारी खेलने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। केएल राहुल ने श्रीलंका के दिमुथ करुणारत्ने को पीछे छोड़कर ये पॉजिशन हासिल की है। केएल के नाम अब SENA देशों में 13 पचास प्लस की पारी दर्ज है। इस लिस्ट में महान सुनील गावस्कर (19) ही उनसे आगे हैं।
SENA देशों में टेस्ट क्रिकेट के दौरान एशियाई ओपनर्स के सबसे ज्यादा 50+ स्कोर
- सुनील गावस्कर – 19
- केएल राहुल* – 13
- दिमुथ करुणारत्ने – 12
- सईद अनवर – 10
- वीरेंद्र सहवाग – 10
- तमीम इकबाल – 10
मैच का हाल: वेलिंगटन टेस्ट के दूसरे दिन न्यूजीलैंड 368 रनों के स्कोर पर ऑल आउट हुई। कीवी टीम के लिए हेनरी निकोल्स (335 गेंदों पर नाबाद 175 रन) और ग्लेन फिलिप्स (216 गेंदों पर 118 रन) ने शतक लगाया। इसके जवाब में भारत के लिए केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 130 रन जोड़े। यशस्वी 89 गेंदों पर 85 रन बनाकर आउट हुए। दूसरी तरफ केएल राहुल ने दिन की आखिरी गेंद तक बैटिंग की और 116 गेंदों पर 52 रन जोड़े। केएल के साथ दूसरे छोर पर देवदत्त पडिक्कल (35 गेंदों पर 16 रन) खड़े हैं।
ऐसी है दोनों टीमें
भारत (प्लेइंग XI): केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा।
Also Read: LIVE Cricket Score
न्यूजीलैंड (प्लेइंग XI): टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, रचिन रविंद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, मैट हेनरी, जैकब डफी।