कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को आईपीएल 20226 के अपने आखिरी लीग मैच से पहले बड़ा झटका लगा है। मथीशा पथिराना (Matheesha Pathirana) चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह लवनीथ सिसोदिया को केकेआर ने टीम में शामिल किया है। फ्रेंचाइजी ने रविवार (24 मई) को इसकी जानकारी दी।
पथिराना हैमस्ट्रिंग की चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हुए हैं, जो उन्हें पिछले हफ्ते गुजरात टाइटंस के खिलाफ हुए मैच के दौरान लगी थी।
विकेटकीपर बल्लेबाज सिसोदिया पहले भी आईपीएल खेल चुके हैं औऱ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और केकेआर की टीम का हिस्सा रहे हैं। घरेलू क्रिकेट में कर्नाटक के लिए खेलने वाले सिसोदिया ने 15 टी-20 मैच खेले हैं और उनके नाम 124 रन दर्ज हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
केकेआर ने 30 लाख रुपये में उन्हें टीम में शामिल किया है। विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी भी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं, ऐसे में विकेटकीपर के तौर पर सिसोदिया अच्छे विकल्प साबित हो सकते हैं।
बता दें कि पथिराना इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शुमार थे और उन्हें ऑक्शन में केकेआर ने 18 करोड़ रुपये में खरीदा था। लेकिन आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका के लिए खेलने के दौरान लगी पिंडली की चोट के कारण वह अप्रैल के अंत में केकेआर की टीम के साथ जुड़े।
कई मुकाबलों पर बैंच पर बैठे रहने के बाद उन्हें गुजरात के खिलाफ खेलने का मौका मिला, जहां 1.2 ओवर गेंदबाजी के बाद ही वह चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए थे।
अगर राजस्थान रॉयल्स अपने आखिरी मैच में मुंबई इंडियंस से हार जाती है तो केकेआर प्लेऑफ की रेस में बनी रहेगी। फिर उसे पंजाब किंग्स को पछाड़ने के लिए पंजाब किंग्स पर बड़ी जीत हासिल करनी होगी।