Kuldeep Yadav Double-Wicket Maiden Over: भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला वनडे मुकाबला रविवार (27 सितंबर) को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। वेस्टइंडीज ने टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 135 रन की मजबूत साझेदारी की। हालांकि इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच में वापसी शुरू कर दी।
इसी बीच भारतीय स्टार लेग स्पिनर कुलदीप यादव ने अपनी फिरकी का जादू दिखाते हुए वेस्टइंडीज को एक ही ओवर में दो बड़े झटके दे दिए। पारी का 36वां ओवर लेकर आए कुलदीप ने तीसरी गेंद पर सेट बल्लेबाज जस्टिन ग्रीव्स को अपना शिकार बनाया।
कुलदीप ने ग्रीव्स को गुगली जैसी गेंद डाली, जिसे बल्लेबाज ने स्वीप करने की कोशिश की, लेकिन वह गेंद को बल्ले से नहीं लगा सके। भारतीय टीम ने एलबीडब्ल्यू की अपील की, जिसे फिल्ड अंपायर ने खारिज कर दिया। भारत ने तुरंत रिव्यू लेने का फैसला किया।
रिव्यू में सामने आया कि गेंद लेग स्टंप पर पिच होने के बाद घूमी और बल्लेबाज के पिछले पैर पर जा लगी। बॉल ट्रैकिंग में गेंद ऑफ स्टंप से टकराती हुई दिखाई दी, जिसके बाद फिल्ड अंपायर का फैसला बदल दिया गया। इस तरह जस्टिन ग्रीव्स की शानदार पारी का अंत हो गया। उन्होंने 108 गेंदों में 101 रन बनाए।
कुलदीप ने इसके बाद अगली ही गेंद पर उन्होंने ज्वेल एंड्रयू को भी चलता कर दिया और लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर वेस्टइंडीज को बड़ा झटका दे दिया। ज्वेल एंड्रयू भी कुलदीप गेंद को सही तरीके से पढ़ नहीं पाए और डिफेंस करते हुए गेंद उनके बल्ले का किनारा लेते हुए पीछे चली गई। पहली स्लिप में खड़े रोहित शर्मा ने शानदार टाइमिंग के साथ ऊपर उछलकर कैच लपक लिया। एंड्रयू बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए।
VIDEO:
लगातार दो विकेट लेने के बाद कुलदीप के पास हैट्रिक का मौका भी था, लेकिन वह तीसरा विकेट नहीं निकाल सके। हालांकि, उन्होंने इस ओवर में दो विकेट लेने के साथ मेडन ओवर पूरा किया और वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी पर दबाव बढ़ा दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
कुलदीप यादव ने इस मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने 10 ओवर के स्पेल में सिर्फ 40 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उनकी गेंदबाजी के चलते वेस्टइंडीज की टीम 300 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सकी और निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 295 रन ही बना सकी।