भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) ने इंग्लैंड के घरेलू वनडे कप (One-Day Cup) में यॉर्कशायर के लिए शानदार शुरुआत की है। पहले ही मुकाबले में उन्होंने अपनी फिरकी का कमाल दिखाते हुए दो अहम विकेट चटकाए। 

Advertisement

भारतीय टीम में लगातार मौका नहीं मिलने के बाद स्टार लेग स्पिनर कुलदीप यादव ने इंग्लैंड के घरेलू वनडे कप में यॉर्कशायर के लिए शानदार डेब्यू किया। शुक्रवार (24 जुलाई) को ग्लैमोर्गन के खिलाफ मुकाबले में कुलदीप ने अपनी फिरकी का कमाल दिखाते हुए 10 ओवर में 39 रन देकर 2 अहम विकेट अपने नाम किए।

दिलचस्प बात यह रही कि कुलदीप को दोनों विकेट अपने स्पेल के आखिरी ओवर में मिले। उन्होंने 44वें ओवर की पहली ही गेंद पर एलेक्स हॉर्टन को विल बेनिसन के हाथों कैच आउट कराया। हॉर्टन ने 42 गेंदों में 30 रन बनाए। इसके बाद तीसरी गेंद पर जेमी मैकइलरॉय को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। उनका कैच जैक व्हाइट ने लपका।

कुलदीप के अलावा यॉर्कशायर के लिए गेंदबाजी में बेंजामिन क्लिफ सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 8 ओवर में 29 रन देकर 4 विकेट लिए। वहीं जॉर्ज हिल और जैक व्हाइट ने भी 2-2 विकेट अपने नाम किए। नतीजा यह रहा कि ग्लैमोर्गन की पूरी टीम को 47 ओवर में सिर्फ 186 रन पर समेट गई।

गौरतलब है कि 31 वर्षीय कुलदीप यादव ने हाल ही में यॉर्कशायर के साथ करार किया था। वह इंग्लैंड के घरेलू वनडे कप में पांच मुकाबले और उसके बाद काउंटी चैंपियनशिप के तीन मैच खेलेंगे। भारत के लिए अब तक 121 वनडे मैचों में 194 विकेट लेने वाले कुलदीप इस सीजन में यॉर्कशायर के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकते हैं।

हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में कुलदीप यादव को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था और वह पूरी सीरीज बेंच पर बैठे रहे। इसके बाद उन्हें जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में भी जगह नहीं मिली।

Also Read: LIVE Cricket Score

हालांकि उम्मीद की जा रही है कि अगले महीने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए कुलदीप यादव की भारतीय टीम में वापसी हो सकती है। यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 का हिस्सा होगी और टीम इंडिया के लिए काफी अहम रहेगी।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार