West Indies vs Sri Lanka 2nd Test: दाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज लाहिरू उदारा (Lahiru Udara) ने शुक्रवार (3 जुलाई) को एंटीगुआ में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में श्रीलंकाई पारी की शुरूआत की और 248 गेंदों में 188 रन की बेहतरीन पारी खेली। पहले दिन उन्होंने 75.81 की स्ट्राईक रेट से रन बनाए, जिसमें 21 चौके औऱ 5 छक्के जड़े। इन पांच छक्कों की बदौलत उनका नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया।
बता दें कि यह 32 साल के उदारा का श्रीलंका के लिए सिर्फ तीसरा टेस्ट मैच है औऱ वह पहले श्रीलंकाई ओपनर बन गए हैं, जिन्होंने एक टेस्ट पारी में पांच या उससे ज्यादा छक्के जड़े हैं। उन्होंने यह कारनामा कर श्रीलंका के दिग्गज सनथ जयसूर्या का रिकॉर्ड तोड़ा।
दो दशकों से ज़्यादा लंबे अपने इंटरनेशनल करियर के दौरान जयसूर्या ने दो बार टेस्ट पारी में चार छक्के लगाए। 2001 में कोलंबो में बांग्लादेश के खिलाफ 89 रन की पारी में और 2004 में पाकिस्तान के खिलाफ फैसलाबाद में 253 रन की पारी में।
बतौर ओपनर एक टेस्ट पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम दर्ज हैं। जायसवाल ने फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में खेले गए टेस्ट मैच में नाबाद 214 रन की पारी में 12 छक्के जड़े थे।
इसके अलावा उदारा ने वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ टेस्ट मैच में किसी श्रीलंकाई ओपनिंग बल्लेबाज़ द्वारा बनाए गए सबसे ज़्यादा रनों का दिमुथ करुणारत्ने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। 2015 में वेस्टइंडीज़ के श्रीलंका दौरे के दौरान, करुणारत्ने ने अक्टूबर 2015 में गाले टेस्ट की पहली पारी में 354 गेंदों पर 186 रन बनाए थे। उदारा ने 188 रनों की शानदार पारी खेलकर उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि पहले दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने पहली पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 338 रन बना लिए हैं। उदारा के अलावा कामिंदु मेंडिस ने 120 गेंदों में 84 रन की पारी खेली। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 252 गेंदों में 215 रनों की साझेदारी की।