Namibia T20I Tri-Series 2026: साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज लुआन-ड्रे प्रिटोरियस (Lhuan-dre Pretorius) ने शुक्रवार (4 सितंबर) को विंडहोक इंटरनेशनल स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ खेले गए ट्राई-सीरीज के मुकाबले में इतिहास रच दिया। उन्होंने इस मुकाबले में अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक जड़ते हुए एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
जी हां, सिर्फ 20 साल 161 दिन की उम्र में शतक लगाने वाले प्रिटोरियस अब टी20 इंटरनेशनल में फुल मेंबर देशों में सेंचुरी लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के हजरतुल्लाह जजई का सात साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 20 साल 337 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था।
फुल मेंबर देशों में सबसे युवा T20I शतकवीर
- लुआन-ड्रे प्रिटोरियस – 20 साल 161 दिन
- हजरतुल्लाह जजई – 20 साल 337 दिन
- यशस्वी जायसवाल – 21 साल 279 दिन
- ब्रायन बेनेट – 21 साल 324 दिन
- रहमानुल्लाह गुरबाज – 22 साल 2 दिन
प्रिटोरियस ने नामीबिया के गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए सिर्फ 53 गेंदों पर 101 रन की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 5 चौके और 8 छक्के निकले। उनकी तूफानी पारी ने साउथ अफ्रीका को 20 ओवर में 228 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
प्रिटोरियस ने पारी की शुरुआत करते हुए कॉनर एस्टरहुइजन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 156 रन की शानदार साझेदारी की। एस्टरहुइजन ने भी महज 40 गेंदों पर 88 रन की विस्फोटक पारी खेली।
साउथ अफ्रीका के लिए भी प्रिटोरियस ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वह अब T20I क्रिकेट में साउथ अफ्रीका के लिए शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड डेवाल्ड ब्रेविस के नाम था, जिन्होंने 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डार्विन में 22 साल 105 दिन की उम्र में 56 गेंदों पर 125 रन की यादगार पारी खेली थी।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो साउथ अफ्रीका ने प्रिटोरियस और एस्टरहुइजन की शानदार बल्लेबाजी के दम पर 228 रन बनाए। जवाब में नामीबिया भी अच्छी लड़ाई करते हुए 3 विकेट खोकर 217 रन तक पहुंच गया, लेकिन लक्ष्य से 11 रन दूर रह गया।