IPL 2026, Mumbai Indians vs Lucknow Super Giants Highlights: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सोमवार (4 मई) को खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने 229 रन का बड़ा लक्ष्य हासिल करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हरा दिया। रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन की तूफानी पारियों ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दोनों ने मिलकर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई और MI ने 18.4 ओवर में ही जीत दर्ज कर ली।
आईपीएल 2026 के 47वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स कुछ खास नहीं रही और डेब्यू कर रहे जोश इंग्लिस 13 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए।
इसके बाद निकोलस पूरन और मिचेल मार्श ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक साझेदारी कर डाली। मार्श ने 25 गेंदों में 44 रन बनाए, जबकि पूरन ने सिर्फ 21 गेंदों में 63 रन ठोक दिए, जिसमें 8 छक्के शामिल रहे।
मध्य और आखिरी ओवरों में एडेन मार्कराम ने 25 गेंदों में नाबाद 31 रन बनाए, वहीं हिम्मत सिंह ने 31 गेंदों में 40 रन की अहम पारी खेली। इन पारियों की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में 228 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
मुंबई इंडियंस के लिए गेंदबाजी में कॉर्बिन बॉश ने 2 विकेट झटके। वहीं अल्लाह गज़नफर, रघु शर्मा और विल जैक्स को 1-1 सफलता मिली।
229 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को चोट से वापसी कर रहे रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 65 गेंदों में 143 रन की बड़ी साझेदारी की। रोहित ने 44 गेंदों में 84 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 7 छक्के शामिल रहे, जबकि रिकेल्टन ने 32 गेंदों में 6 चौके और 8 छक्कों की मदद से 83 रन ठोक दिए।
इसके बाद मैच को फिनिश करते हुए नमन धीर ने 12 गेंदों में नाबाद 23 रन की तेज पारी खेली और टीम को 18.4 ओवर में ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए गेंदबाजी में मणिमारन सिद्धार्थ ने 2 विकेट लिए, जबकि मोहसिन खान और मोहम्मद शमी को 1-1 सफलता मिली।