Lungi Ngidi Injury Update: आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेले रहे साउथ अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने आखिरकार अपनी खतरनाक सिर की चोट से उबरते हुए वापसी के संकेत दे दिए हैं। टीम द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में एनगिडी को नेट्स में पूरे जोश और रफ्तार के साथ गेंदबाजी करते हुए देखा गया।

Advertisement

दरअसल, 25 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान एनगिडी एक गंभीर चोट का शिकार हो गए थे। प्रियांश आर्य का कैच पकड़ने की कोशिश में वो मिड-ऑफ से पीछे की ओर भाग रहे थे, लेकिन कैच छूट गया और वो जोर से पीछे गिर पड़े। इस दौरान उनका सिर जमीन से टकरा गया और उन्हें तुरंत दर्द महसूस हुआ।

Advertisement

इस घटना के बाद मैदान पर कुछ देर के लिए खेल रोकना पड़ा था। फिजियो और मेडिकल टीम तुरंत मैदान पर पहुंची और एनगिडी की हालत को देखते हुए उनके सिर और गर्दन को स्टेबल किया गया। इसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर डालकर एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।

अब अच्छी खबर यह है कि एनगिडी तेजी से रिकवरी कर रहे हैं। गुरुवार (30 अप्रैल) को दिल्ली कैपिटल्स द्वारा उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए गए वीडियो में एनगिडी नेट्स में गेंदबाजी करते हुए स्टंप उड़ाते और जोश में जश्न मनाते नजर आ रहे हैं।

VIDEO:

हालांकि, उनकी वापसी को लेकर अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ICC के नियमों के अनुसार कंकशन (सिर की चोट) के बाद खिलाड़ी को कम से कम 7 दिन का आराम जरूरी होता है। इसी वजह से एनगिडी शुक्रवार (1 मई) को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के अगले मैच में भी नहीं खेल पाएंगे।

Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

इस सीजन में एनगिडी का प्रदर्शन ठीक ठाक रहा है। उन्होंने अहम मौकों पर गेंदबाजी करते हुए 6 पारियों में 7 विकेट लिए हैं और टीम के सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में से एक रहे हैं। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की बात करें तो टीम इस समय थोड़ी मुश्किल में नजर आ रही है। लगातार दो मैच हारने के बाद टीम पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर है और उनके खाते में सिर्फ 6 अंक हैं। ऐसे में फैंस को उम्मीद रहेगी कि एनगिडी जल्द ही पूरी तरह फिट होकर मैदान पर लौटेंगे और टीम को जीत की राह पर वापस लाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार