सुरेश रैना का कहना है कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शानदार कामयाबी का श्रेय हाल ही में रिटायर हुए एमएस धोनी को जाता है। रैना का यह बयान फ्रेंचाइजी द्वारा यह घोषणा किए जाने के एक दिन बाद आया है कि धोनी ने सीएसके के खिलाड़ी के तौर पर संन्यास ले लिया है, लेकिन वह टीम के साथ मेंटर के रूप में जुड़े रहेंगे।

धोनी अपनी नई भूमिका की शुरुआत 16 दिसंबर को गोवा में होने वाले आईपीएल ऑक्शन 2027 के लिए सीएसके को रणनीति बनाने में सलाह देकर करेंगे। रैना ने 'जियोस्टार' से कहा, "उन्होंने सीएसके और आईपीएल के लिए बहुत कुछ किया है। 2008 से लेकर अब तक उन्हें फैंस, बड़े बिजनेस टाइकून, सीईओ और बच्चों से जो प्यार मिला है, वह वाकई अद्भुत है।"

रैना ने आगे कहा, "अगर सीएसके इतने वर्षों तक टिकी रही है, तो इसकी वजह माही भाई हैं। उन्हें 'व्हिसल पोडु आर्मी' से भरपूर समर्थन मिला। इसके साथ ही, स्टीफन फ्लेमिंग के साथ मिलकर उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है। इसी कारण मुझे लगता है कि यह सिर्फ एक टीम नहीं है, बल्कि इसमें बहुत सारी भावनाएं जुड़ी हैं। उन्होंने मैदान के अंदर और बाहर अपने चरित्र की एक बेहतरीन मिसाल पेश की है और इतने वर्षों तक इसे बहुत शानदार ढंग से निभाया है।"

45 वर्षीय धोनी की कप्तानी में सीएसके ने पांच आईपीएल खिताब जीते हैं। उन्होंने इस फ्रेंचाइजी के लिए 272 मैच खेले हैं और 5,314 रनों के साथ वग टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। दबाव में भी शांत रहने की उनकी खूबी की वजह से उन्हें 'कैप्टन कूल' कहा जाने लगा। इसके अलावा, लक्ष्य का पीछा करने में भी वह माहिर माने जाते थे। कई सीजन तक धोनी के साथ सीएसके का ड्रेसिंग रूम साझा करने और धोनी के साथ चार खिताब जीतने वाले रैना ने कहा कि धोनी ने जिस तरह से खुद को पेश किया, उसे उनके आईपीएल के आंकड़ों से भी कहीं ज्यादा लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कहा, "उन्होंने इतने वर्षों तक आईपीएल खेला और एक बहुत बड़े खिलाड़ी बने, लेकिन मुझे लगता है कि एक इंसान के तौर पर हमने उनसे जो सीखा है, वह कहीं ज्यादा मायने रखता है। उन्होंने सीएसके के लिए कई मैच खेले, जिनमें नॉकआउट मैच, फाइनल और सेमीफाइनल भी शामिल हैं।चेन्नई शहर से उन्हें जो प्यार मिला, मुझे लगता है कि एक इंसान और एक लीडर के तौर पर उन्होंने बहुत कुछ हासिल किया। मगर मेरे लिए सबसे खास बात वह प्यार था जो उन्हें सीएसके के हर एक फैन से मिला। वह असल में ऐसे ही इंसान हैं।"

रैना ने आगे कहा, "मैं बहुत किस्मतवाला रहा कि मुझे उनके साथ सीएसके के लिए खेलने का मौका मिला और हमने कई ट्रॉफियां भी जीतीं। मुझे लगता है कि वह सीएसके के सबसे मजबूत स्तंभों में से एक हैं और चेन्नई आने के बाद उन्होंने बहुत कुछ हासिल किया। हमने वर्ल्ड कप जीता, कई टेस्ट सीरीज जीतीं। मुझे लगता है कि एक खिलाड़ी और एक इंसान के तौर पर उन्होंने कमाल का काम किया है, और अब तक वह आईपीएल के सबसे बड़े ब्रांड रहे हैं।"

भारत के कप्तान के रूप में धोनी ने टी20 वर्ल्ड कप 2007 और 2011 में वनडे वर्ल्ड कप जीता। उन्होंने आखिरी बार 2019 में देश के लिए खेला था और एक साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया, लेकिन आईपीएल में खेलना जारी रखा। धोनी के लिए पिछले कुछ सीजन काफी मुश्किल रहे। घुटने की लगातार समस्या और बल्लेबाजी फॉर्म में गिरावट के कारण उनका प्रभाव कम हो गया। सीएसके, जिसने आखिरी बार 2023 में आईपीएल का खिताब जीता था, लगातार तीसरी बार प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई। रैना ने बताया कि धोनी ने फिर से फिट होने की उम्मीद में जिम में बहुत मेहनत की, लेकिन आखिरकार उन्हें यह स्वीकार करना पड़ा कि अब उनका शरीर और ज्यादा लोड नहीं सह सकता।

रैना ने कहा, "माही भाई ऑफ-सीजन में अलग-अलग खेल खेलते रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने घुटने को लेकर काफी परेशानी हुई। अब उनके दोनों घुटनों में सूजन आ गई है। उन्होंने जितनी विकेटकीपिंग की है और जितने मैच खेले हैं, उसका असर शरीर पर पड़ता ही है। वह अब तक कोशिश कर रहे थे कि किसी तरह फिट हो जाएं। उन्होंने जिम में बहुत ज्यादा मेहनत की थी। सूजन आने के बाद भी उन्होंने इंटरव्यू में हमेशा यही कहा कि वे कभी 'इम्पैक्ट प्लेयर' नहीं बनना चाहते थे। यह एक कप्तान के तौर पर उनके व्यक्तित्व को दर्शाता है और उनके साहस को दिखाता है। वह खेलना जारी रखना चाहते थे, लेकिन उनका शरीर अब और ज्यादा लोड नहीं उठा सकता।"

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार