भारतीय युवा स्पिनर मानव सुथार का शानदार फॉर्म इंग्लैंड में भी जारी है। अफगानिस्तान के खिलाफ डेब्यू टेस्ट में यादगार प्रदर्शन करने वाले इस 23 वर्षीय खिलाड़ी ने अब काउंटी क्रिकेट में भी अपनी छाप छोड़ दी है। वारविकशायर के लिए खेलते हुए मानव ने समरसेट के खिलाफ दूसरी पारी में पांच विकेट लेकर तहलका मचा दिया।
भारतीय टीम के युवा लेफ्ट आर्म स्पिन ऑलराउंडर मानव सुथार इन दिनों इंग्लैंड में अपने प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर रहे हैं। राजस्थान के श्रीगंगानगर से आने वाले 23 साल के इस ऑलराउंडर ने काउंटी क्रिकेट में भी अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखाना शुरू कर दिया है।
हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू में शानदार प्रदर्शन करने वाले मानव सुथार को इंग्लिश काउंटी क्लब वारविकशायर ने शॉर्ट टर्म कॉन्ट्रैक्ट पर अपनी टीम में शामिल किया था। अब मानव ने इस भरोसे को सही साबित करते हुए समरसेट के खिलाफ खेले जा रहे काउंटी चैंपियनशिप मुकाबले में अपना पहला पांच विकेट हॉल हासिल कर लिया है।
टॉन्टन के कूपर एसोसिएट्स काउंटी ग्राउंड में 19 जून से खेले जा रहे इस मुकाबले में मानव ने पहली पारी में 18 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 4 मेडन ओवर डालते हुए 50 रन देकर 2 विकेट झटके। हालांकि उनका असली कमाल दूसरी पारी में देखने को मिला।
दूसरी पारी में बाएं हाथ के इस स्पिनर ने लंबा स्पैल डालते हुए 46.5 ओवर गेंदबाजी की। इस दौरान उन्होंने 14 मेडन ओवर फेंके और 100 रन देकर 5 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इस तरह मानव ने मैच में कुल 7 विकेट अपने नाम किए और वारविकशायर के लिए अपना पहला काउंटी पांच विकेट हॉल भी पूरा किया।
मानव सुथार ने काउंटी क्रिकेट में अपना डेब्यू यॉर्कशायर के खिलाफ किया था। उस मुकाबले में भी उन्होंने प्रभावित किया था। उन्होंने पहली पारी में 85 रन देकर 3 विकेट और दूसरी पारी में 74 रन देकर 1 विकेट हासिल किया था। इतना ही नहीं, बल्ले से भी उन्होंने 33 और 37 रन की उपयोगी पारियां खेली थीं।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि मानव सुथार ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ अपने टेस्ट डेब्यू में शानदार शुरुआत की थी। उन्होंने पहली पारी में 6 विकेट लेकर सनसनी मचा दी थी और मैच में कुल 7 विकेट झटकते हुए भारत की पारी और 300 रन की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई थी।