IPL 2021: आरसीबी और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल 2021 के पहले मुकाबले में जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। इस मुकाबले में विराट कोहली की टीम ने रोहित शर्मा की टीम को 2 विकेट से हराकर मैच को अपने नाम कर लिया। हालांकि, इस मैच के दौरान मुंबई इंडियंस के दो तेज़ गेंदबाज़ों द्वारा हैरतअंगेज़ फील्डिंग भी देखने को मिली।
दरअसल, ये आरसीबी की पारी का 17वां ओवर था और ये ओवर जसप्रीत बुमराह कर रहे थे। इस ओवर की पांचवीं गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के लिए काइल जैमीसन ने बल्ला घुमाया लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेते हुए फाइन लेग की ओर जा रही थी। ऐसा लग रहा था कि ये गेंद आसानी से बाउंड्री के पार चली जाएगी लेकिन अपना पहला आईपीएल मैच खेल रहे मार्को जैनसन ने शानदार डाइव लगाते हुए गेंद को बाउंड्री पर जाने से बचा लिया।
उन्होंने गेंद को बाउंड्री पार जाने से पहले अंदर फैंकने की कोशिश की लेकिन उनके हाथों से गेंद छूटने के बाद फिर गेंद बाउंड्री की तरफ जाती दिख रही थी और तभी कीवी तेज़ गेंदबाज़ ट्रेंट बोल्ट सुपरमैन बनकर आए और उन्होंने भी शानदार डाइव लगाते हुए गेंद को बाउंड्री पर जाने से बचा लिया।
इन दोनों की फील्डिंग देखकर बुमराह भी खुद को ताली बजाने से नहीं रोक पाए। इन दोनों तेज़ गेंदबाज़ों की फील्डिंग देखकर सोशल मीडिया पर फैंस इनकी काफी तारीफ कर रहे हैं और इस वायरल वीडियो को काफी शेयर भी कर रहे हैं।