ऑस्ट्रेलिया ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर 5 मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मैच में इंग्लैंड को 68 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। हालांकि, इस जीत के बावजूद ऑस्ट्रेलिया के लिए स्टीव स्मिथ का फॉर्म चिंता का सबब बना हुआ है। पिछले कुछ समय से स्मिथ के बल्ले से बड़ी पारी देखने को नहीं मिली है और ये सिलसिला दूसरे वनडे में भी जारी रहा।

Advertisement

स्मिथ ने दूसरे वनडे में अपनी पारी की शुरुआत चौके के साथ की लेकिन ये चौका उनके लिए पहला और आखिरी साबित हुआ क्योंकि मैथ्यू पॉट्स ने एक शानदार गेंद डाली जिसका उनके पास कोई जवाब ही नहीं था। ये घटना ऑस्ट्रेलिया की पारी के चौदहवें ओवर के दौरान हुई, जब स्टीव स्मिथ ट्रैविस हेड और मैथ्यू शॉर्ट के आउट होने के बाद मिचेल मार्श के साथ मिलकर मजबूत साझेदारी बनाने की कोशिश कर रहे थे।

Advertisement

इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने अपने पांचवें ओवर में पॉट्स को लाने का फैसला किया, जो मेजबान टीम के लिए चमत्कार साबित हुआ। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने स्मिथ को ड्रीम डिलीवरी से मात दी। पॉट्स ने दिग्गज स्टीव स्मिथ को चकमा देने से पहले एक डॉट बॉल फेंकी। ओवर द विकेट से मैथ्यू पॉट्स ने फुल-लेंथ डिलीवरी की, जो ऑफ स्टंप से थोड़ा बाहर पिच होने के बाद तेजी से स्मिथ की तरफ लौटी। स्मिथ ने इस गेंद पर एक तेज ड्राइव खेलने की कोशिश की और गेंद उनके बल्ले और पैड के बीच से निकलते हुए स्टंप्स में जा घुसी।

क्लीन बोल्ड होने के बाद स्मिथ को यकीन नहीं हुआ कि वो कैसे आउट हो गए। पॉट्स ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए 7 ओवरों में 30 रन देकर 2 विकेट चटकाए। अब सीरीज में इंग्लैंड 0-2 से पिछड़ रहा है और उन्हें सीरीज में बने रहने के लिए अगला मैच हर हालत में जीतना होगा। अगर वो तीसरा मैच नहीं जीतते हैं तो वो अपनी ही धरती पर एक और वनडे सीरीज हार जाएंगे।

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार