Mayank Yadav Fastest Ball of DPL 2020: दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 (DPL 2026) का 30वां मुकाबला बीते सोमवार, 17 अगस्त को अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया था जहां ईस्ट दिल्ली राइडर्स (East Delhi Riders) ने 192 रन डिफेंड करके न्यू दिल्ली टाइगर्स (New Delhi Tigers) को 36 रनों से मात दी। इस मुकाबले के हीरो 24 वर्षीय तेज गेंदबाज़ मयंक (Mayank Yadav) यादव रहे, जिन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 3 विकेट झटके।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मयंक यादव ने अपनी रफ्तार से मैदान पर धुआं-धुआं कर दिया और विपक्षी बल्लेबाज़ों को अपनी तेज तर्रार गेंदों से डराकर आउट किया। इसी बीच उन्होंने एक मेडन ओवर फेंका और साल 2026 के DPL टूर्नामेंट की सबसे तेज गेंद भी डिलीवर कर दी।
उन्होंने ये गेंद 149.9 Kph की रफ्तार से फेंकी जिसका वीडियो खुद DPL ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से साझा किया है। DPL द्वारा शेयर किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि मयंक यादव लगातार 145kph प्लस की रफ्तार से गेंद फेंकते हैं, जिस पर बल्लेबाज़ मुश्किल से रन एक-एक रन बना पाते हैं। आप ये वीडियो नीचे देख सकते हो।
गौरतलब है कि 24 वर्षीय मयंक यादव भारतीय टी20 टीम के फ्यूचर स्टार माने जाते हैं जो कि देश के लिए अब तक 6 टी20 इंटरनेशनल में 9 विकेट ले चुके हैं। हालांकि बीते समय में वो लगातार चोटिल हुए हैं, जिस वज़ह से उन्हें लंबे समय तक मैदान से दूर रहना पड़ा। मयंक अपनी फिटनेस बरकरार रखते हैं, तो इसमें कोई शक नहीं की वो भारतीय टीम के लिए एक अहम गेंदबाज़ बनकर सामने आएंगे।
मैच का हाल: DPL 2026 के 30वें मुकाबले में न्यू दिल्ली टाइगर्स ने टॉस जीतकर ईस्ट दिल्ली राइडर्स को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया था जिन्होंने अपनी पारी के 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 192 रन बनाए। टीम के लिए मंयक रावत (23 गेंदों पर 40 रन), सुर्यांश रैना (21 गेंदों पर 33 रन), अर्पित राणा (22 गेंदों पर 33 रन) और वंश मेहरा (21 गेंदों पर 35 रन) ने अच्छी पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में न्यू दिल्ली टाइटर्स की टीम 19.2 ओवर ही मैदान पर टिक पाई और 156 रन बनाकर ऑल आउट हुई। NDT के लिए सिर्फ कप्तान हिम्मत सिंह ने 30 प्लस (20 गेंदों पर 31 रन) की पारी खेली। तो इस तरह ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने ये मुकाबला 36 रनों से जीतकर अपने नाम किया।