हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) की कैप्टेंसी वाली मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की टीम ने बीते रविवार, 29 मार्च को आईपीएल 2026 (IPL 2026) के अपने पहले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) के खिलाफ सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर इस्तेमाल किया। SKY एक काफी अच्छे लीडर और तेज फील्डर हैं, इसके बावजूद ऐसा क्यों हुआ? अब इसके पीछे का खुलासा हो गया है। दरअसल, खुद मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने (Mahela Jayawardene) ने सूर्यकुमार यादव को इम्पैक्ट प्लेयर बनाने की पीछे की वज़ह बनाई है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, महेला जयवर्धने ने वानखेड़े में हुए मुकाबले के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए अपनी रणनीति साफ की। उन्होंने खुलासा करते हुए बताया कि सूर्यकुमार यादव की ग्रोइन में थोड़ी समस्या है जिस वज़ह से वो (महेला जयवर्धने) उन्हें थोड़ा आराम देना चाहते थे। यानी कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने सूर्यकुमार यादव को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मैदान पर उतराना मुंबई इंडियंस की एक सोची समझी चाल थी।
महेला जयवर्धने ने कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि फालतू कहानियां नहीं बनाई जाएंगी। हमारा कैंप बहुत खुश है। सूर्यकुमार यादव को ग्रोइन में थोड़ी समस्या है। वो फील्डिंग जरूर कर रहे थे, लेकिन मुझे पता था कि इसके बाद जो हमारा अगला मुकाबला होने वाला है उसमें पांच दिनों का समय है। इसी वज़ह से मैं सिर्फ उन्हें ठीक होने का थोड़ा अधिक समय देना चाहता था।"
वो आगे बोले, "सूर्या दो-तीन ओवर के लिए मैदान पर जाना चाहते थे, लेकिन मैंने मना कर दिया। हमें सावधानियां बरतने की जरूरत है। इस सीजन में वो हमारे लिए सबसे अहम खिलाड़ी हैं। इसी वजह से ऐसे फैसले मैनेजमेंट को लेने पड़ते हैं।' बताते चलें कि SKY केकेआर के सामने अपनी बैटिंग से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए और 8 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हुए।
ऐसा रहा मैच का हाल: आईपीएल 2026 का दूसरा मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था जहां कोलकाता नाइट राइडर्स ने अजिंक्य रहाणे (40 गेंदों पर 67 रन) और अंगकृष रघुवंशी (29 गेंदों पर 51 रन) की अर्धशतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 220 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में मुंबई इंडियंस के लिए रियान रिकेल्टन ने 43 गेंदों पर 81 रन ठोके, वहीं रोहित शर्मा ने 38 गेंदों पर 78 रनों की तूफानी पारी खेली। इसी के दम पर मुंबई इंडियंस ने 19.1 ओवर में 221 रनों का टारगेट हासिल किया और 6 विकेट से जीत दर्ज की।